दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता। [ महेन्द्र जावला बहल ]
भिवानी। हनुमान गेट स्थित बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय में भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर उनका जन्म उत्सव प्रेरणा और संकल्प के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थि लोगों ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया और समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित अशोक कुमार भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि महान पुरुष और देशभक्त किसी जाति या धर्म के नहीं होते, बल्कि पूरे राष्ट्र के होते हैं। उन्होंने कहा कि हमें ऐसे महापुरुषों को जाति और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर देखना चाहिए और उनके विचारों को समाज में अपनाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि देश के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महापुरुषों का सम्मान राष्ट्र की गरिमा से जोड़कर किया जाना चाहिए, न कि राजनीति या जातिगत नजरिए से।
कार्यक्रम में सामाजिक एकता, सद्भावना और जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और युवा पीढ़ी को सही दिशा देने का संकल्प लिया।
इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता बिशनपाल, तिशांशु, रणधीर सिंह, रोहित कुमार, चिराग, विशाल, सुभाष, सुभाष चंद्र, जयभगवान, शुभम शर्मा, दलबीर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।



