18 मामले अब भी लंबित, सीओ राहुल कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुन संबंधित कर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो
किशनगंज। किशनगंज अंचल कार्यालय में शनिवार को भूमि विवादों के त्वरित निपटारे को लेकर अंचल अधिकारी राहुल कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े चार नए मामले सामने आए, जबकि दो पुराने मामलों का निष्पादन किया गया। इसके बाद कुल 18 मामले लंबित रह गए।
जनता दरबार में अंचल अधिकारी राहुल कुमार ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों के दस्तावेजों एवं उपलब्ध तथ्यों की जानकारी ली। उन्होंने दोनों पक्षों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया तथा दस्तावेजों के आधार पर निष्पक्ष तरीके से विवादों के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की।
सीओ ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने और मामलों के निपटारे में तत्परता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों के समाधान में संबंधित पक्षों के दस्तावेजों और तथ्यों का सही तरीके से अवलोकन करना जरूरी है।
गौरतलब है कि प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाला जनता दरबार भूमि विवादों के समाधान के लिए आम लोगों को एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करा रहा है। इसके माध्यम से फरियादी अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख पा रहे हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



