एनजीटी के आदेश पर हुई कार्रवाई, डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी कर रहे थे कॉलोनाइजर**
**ग्रेटर नोएडा, 24 अक्टूबर।** ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माण और जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्राम पुराना हैबतपुर के डूब क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर किए जा रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश पर की गई।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को अवैध निर्माण कर जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं। अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व कर रहे प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण करना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में प्राधिकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे कॉलोनाइजरों के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई न गंवाएं। ग्रेटर नोएडा में किसी भी स्थान पर जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर जमीन की स्थिति और संबंधित जानकारी की पुष्टि अवश्य कर लें।
**बाउंड्री बनाकर कब्जाने की थी कोशिश**
प्राधिकरण के परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि ग्राम पुराना हैबतपुर के डूब क्षेत्र में करीब 40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर कॉलोनाइजर अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए जमीन पर बाउंड्री बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था।
परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-1 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर के नेतृत्व में प्रबंधक प्रशांत समाधिया और अन्य कर्मचारियों की टीम ने पुलिस के सहयोग से मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण की ओर से चेतावनी दी गई है कि दोबारा अतिक्रमण करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित क्षेत्रों में अवैध निर्माण और जमीन पर कब्जे के मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि जमीन खरीदने से पहले उसके वैध होने की पूरी जानकारी प्राप्त करें, ताकि उनकी जमा पूंजी जोखिम में न पड़े।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



