वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
जिले में बीती रात हुई भारी ओलावृष्टि ने जिले के कई क्षेत्रों में व्यापक तबाही मचाई है। विशेष रूप से पोठिया प्रखण्ड के कुस्यारी और गोरुखाल पंचायतों में किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इस आपदा से मक्का, अनानास, चाय, आम और केले की फसलें लगभग नष्ट हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
क्षेत्रीय विधायक कमरुल होदा ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने किसानों और स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना तथा प्रशासन से शीघ्र सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की। ओलावृष्टि के कारण कई कच्चे एवं मिट्टी के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे कई परिवारों को खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने सरकार से तत्काल राहत सामग्री एवं पुनर्वास की व्यवस्था करने की अपील की है।
विधायक ने आश्वासन दिया कि प्रभावित किसानों और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दिलाने के लिए वे प्रशासन के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द नुकसान का आकलन कर राहत कार्य प्रारंभ किया जाए।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



