*60 वर्षों में हरियाणा ने की अभूतपूर्व प्रगति, किसान, जवान, महिला शक्ति और खिलाड़ियों ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव**
**दैनिक समाज जागरण | महेन्द्र जावला बहल**
**भिवानी, 1 नवंबर।** हरियाणा दिवस के अवसर पर रविवार को भिवानी के पंचायत भवन में जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह का आयोजन किया गया। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में नगराधीश अनिल कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा ने पिछले 60 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। प्रदेश के विकास में किसान, जवान, महिला शक्ति, व्यापारी, खिलाड़ी और उद्योगपतियों सहित प्रत्येक वर्ग का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. त्रिलोकचंद, जिला खेल अधिकारी विद्यानंद यादव, चौधरी बंसीलाल राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राचार्य मंजीत सिंह और जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अमित लांबा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
### देश और दुनिया में हरियाणा ने बनाई अलग पहचान
नगराधीश अनिल कुमार ने कहा कि हरियाणा आज विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। प्रदेश के मेहनती किसानों ने कृषि क्षेत्र में योगदान दिया है, वहीं जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान केवल आर्थिक और औद्योगिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत भी गौरव का विषय है। कुरुक्षेत्र की पावन भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश देकर कर्तव्य और कर्म का संदेश दिया था, जो आज भी पूरी मानवता का मार्गदर्शन करता है। उन्होंने युवाओं से प्रदेश की उन्नति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
### छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां
समारोह में पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने हरियाणा की तरक्की, खुशहाली और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। वहीं, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से दलबीर सिंह की भजन मंडली ने प्रदेश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित भजनों की प्रस्तुति दी।
जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया ने कहा कि हरियाणा के बेटों के साथ-साथ बेटियों ने भी खेलों में विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने युवाओं को अर्जुन की तरह लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने तथा चिंता के बजाय चिंतन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
महाराजा नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय के इतिहास विषय के प्रवक्ता डॉ. राजकुमार शर्मा ने हरियाणा की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, कृषि क्षेत्र की प्रगति, नए उद्योगों की स्थापना तथा विश्वविद्यालयों और मेडिकल कॉलेजों का निर्माण विकास की तस्वीर प्रस्तुत करते हैं।
### प्रदेश स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया
कार्यक्रम के दौरान कुरुक्षेत्र में आयोजित प्रदेश स्तरीय हीरक जयंती समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन सुनाए गए।
समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। एसआरएस स्कूल की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली छात्राओं और मुख्य अतिथियों को जिला प्रशासन की ओर से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



