वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
6 अप्रैल।
मुख्यमंत्री सात निश्चय–3 के तहत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके अंतर्गत ठाकुरगंज, बहादुरगंज, दिघलबैंक, टेढ़ागाछ, कोचाधामन एवं पोठिया स्थित छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को अत्याधुनिक “मॉडल हेल्थ सेंटर” के रूप में विकसित किया जाएगा।
जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम डॉ. मुनाजिम ने बताया कि इन केंद्रों में आधुनिक लेबर रूम, हाईटेक ऑपरेशन थिएटर एवं इमरजेंसी सेवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रसव कक्ष को अत्याधुनिक उपकरणों से लैस किया जाएगा, जिससे सुरक्षित प्रसव के साथ-साथ नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल संभव हो सकेगी। वहीं, ऑपरेशन थिएटर में उन्नत तकनीक की व्यवस्था होने से गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही त्वरित उपचार मिल सकेगा।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें प्रसव, ऑपरेशन या गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। समय पर उपचार मिलने से जटिलताओं में कमी आएगी तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में मदद मिलेगी।
जिला पदाधिकारी विशाल राज ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि स्वास्थ्य सेवाएं हर व्यक्ति तक सुलभ रूप में पहुंचें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं।
इस योजना के लागू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा, आर्थिक बोझ कम होगा और आमजन को अपने ही क्षेत्र में बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



