दैनिक समाज जागरण 06.04.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे क्षेत्र में लगातार बढ़ रही अव्यवस्था और ट्रेनों की लेटलतीफी के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित 9 नंबर स्टैंड, जेएनएसी गोल चक्कर के पास एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस सहकारिता विभाग के अध्यक्ष चिन्ना राव के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
धरना में जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंद सिंह, पूर्व प्रदेश सचिव विजय यादव, जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह चंदेल, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश साहू, रजनीश सिंह, विश्वजीत जेना सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने रेलवे प्रशासन और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रेल सेवाओं में सुधार की मांग उठाई।
प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा ट्रेनों का निर्धारित समय पर नहीं चलना और खराब परिचालन व्यवस्था रहा। नेताओं ने आरोप लगाया कि रेलवे की लापरवाही के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परविंद सिंह और विजय यादव ने कहा कि चांडिल से जमशेदपुर की दूरी, जो सामान्यतः लगभग 30 मिनट में तय हो जाती है, उसे पैसेंजर ट्रेनें 3 से 4 घंटे में पूरा कर रही हैं। कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से चल रही हैं, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों और छात्रों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि समय पर ट्रेन न मिलने के कारण लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बाधित हो रही है। वहीं चिन्ना राव और राकेश साहू ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही रेल परिचालन में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का पुतला दहन, रैली, डीआरएम कार्यालय का घेराव और अंततः टाटानगर रेलवे स्टेशन पर ‘रेल रोको’ आंदोलन किया जाएगा।
भीषण गर्मी के बावजूद प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का उत्साह देखने लायक था। स्थानीय लोगों ने धरना पर बैठे प्रदर्शनकारियों को पानी उपलब्ध कराकर सहयोग भी किया। इस मौके पर संजय यादव, धर्म राव, सोनू सोनकर, राजा ओझा, राजू शर्मा, मो. आशिफ, विशाल कोटिया, बलदेव सिंह, अमरीक सिंह, मुन्ना मिश्रा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



