किशनगंज पुलिस अपराध नियंत्रण को लेकर प्रतिबद्ध : एसपी

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
नववर्ष के अवसर पर नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने किशनगंज में पदभार ग्रहण करने के उपरांत प्रेस वार्ता कर जिले में कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि किशनगंज पुलिस अपराध के प्रति शून्य सहनशीलता नीति पर कार्य कर रही है।


एसपी ने बताया कि महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, संगठित अपराध, मादक पदार्थों के अवैध व्यापार तथा सामाजिक शांति भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून के समक्ष सभी समान हैं और अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।


उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान एवं विश्वास किशनगंज पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस 24×7 जनता की सहायता के लिए उपलब्ध है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 या नजदीकी थाना से संपर्क कर सकते हैं।

महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा हेतु विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही नशा उन्मूलन अभियान, यातायात व्यवस्था में सुधार एवं सामुदायिक पुलिसिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
एसपी ने आम जनता से अपील की कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा अफवाहों से दूर रहें।


गुप्त सूचना मोबाइल/व्हाट्सएप नंबर 7258963393 या कंट्रोल रूम नंबर 06456-222109 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)