google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

नीति क्रियान्वयन में संवेदनशील और ईमानदार बनें आईएएस अधिकारी:- नीतीश कुमार

समाज जागरण संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार की योजनाओं का सफल क्रियान्वयन प्रशासनिक अधिकारियों की कुशलता और ईमानदारी पर निर्भर करता है। मुख्यमंत्री आवास पर 2024 बैच के बिहार कैडर के 12 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों से मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रशासनिक सेवा को शासन की रीढ़ बताया और अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रशिक्षु अधिकारियों में 3 महिला और 9 पुरुष अधिकारी शामिल थे।

ये अधिकारी बिहार, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, तमिलनाडु और झारखंड जैसे विभिन्न राज्यों से ताल्लुक रखते हैं। मुख्यमंत्री ने इस विविधता की सराहना करते हुए कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों की पृष्ठभूमि अधिकारियों को बेहतर प्रशासनिक दृष्टिकोण विकसित करने में मदद करती है। मुलाकात के दौरान अधिकारियों ने अपने जिला प्रशिक्षण के अनुभवों और जमीनी चुनौतियों को साझा किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें मार्गदर्शन देते हुए कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के सबसे कमजोर वर्ग तक पहुँचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

प्रशासनिक कार्य केवल आदेश तक सीमित नहीं, इसमें मानवीय संवेदना जरूरी है। प्रशिक्षण काल के दौरान मिले अनुभव भविष्य की चुनौतियों से निपटने में सहायक होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार और सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। प्रशिक्षु अधिकारियों ने इस मुलाकात को प्रेरणादायक बताया और राज्य के विकास में पूर्ण निष्ठा से योगदान देने का संकल्प लिया।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)