पटना में रहस्यमयी हालात में मिला शव, क्षेत्र में सनसनी

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ राजधानी पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कनौजी कछुआरा में मंगलवार की सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पइन किनारे पड़े शव को देख स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची गोपालपुर थाना पुलिस ने तत्काल शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुरुआती छानबीन में मृतक की पहचान गौरीचक थाना क्षेत्र के अहिया चक निवासी 48 वर्षीय मुन्ना सिंह के रूप में की गई। पहचान की पुष्टि होते ही परिजनों को बुलाया गया, जिनके पहुंचते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव संदिग्ध परिस्थिति में पइन के किनारे पड़ा मिला, जिससे प्रथम दृष्टया मामला सामान्य नहीं लग रहा है हालांकि पुलिस अभी किसी भी नतीजे पर पहुंचने से बचते हुए सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का दर्द देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के सदस्य बार-बार यही सवाल उठा रहे थे कि आखिर एक मेहनतकश और शांत स्वभाव के व्यक्ति के साथ ऐसी घटना क्यों और कैसे हो गई। परिजनों का कहना था कि मुन्ना सिंह का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी, जिससे यह घटना और भी रहस्यमयी हो गई है। मृतक के पुत्र ने नम आंखों से बताया कि उनके पिता रोज मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और कभी किसी से ऊंची आवाज में बात तक नहीं करते थे।

अब उनके असामयिक निधन से परिवार पर संकट का पहाड़ टूट पड़ा है। घर के इकलौते कमाने वाले के चले जाने से परिजनों के सामने आजीविका का भी संकट खड़ा हो गया है। जिस दुकान पर मुन्ना सिंह काम करते थे, उसके संचालक रॉकी ने भी उन्हें ईमानदार और कर्मठ व्यक्ति बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी किसी तरह की बेईमानी नहीं की। उनके अनुसार, मुन्ना का स्वभाव मिलनसार था और वे अपने काम से मतलब रखने वाले व्यक्ति थे। गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हर बिंदु पर जांच को आगे बढ़ा रही है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है। घटना के बाद इलाके में भय और असमंजस का माहौल बना हुआ है। लोग इस रहस्यमयी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)