वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
16 जनवरी।
जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में आईसीडीएस (समेकित बाल विकास सेवाएं) की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईसीडीएस अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना अंतर्गत जनवरी 2026 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश सभी सीडीपीओ को दिया। साथ ही प्रत्येक सीडीपीओ को प्रतिमाह कम से कम दो अति कुपोषित बच्चों को एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) भेजने का निर्देश दिया गया।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि मनरेगा एवं आईसीडीएस के अभिसरण से 55 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्य प्रस्तावित है, जिनमें से 16 केंद्रों पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। शेष 39 केंद्रों पर भूमि विवाद अथवा भूमि की अनुपयुक्तता के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इस पर जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में सभी सीडीपीओ को अपनी चल-अचल संपत्ति का विवरण दो दिनों के भीतर समर्पित करने का निर्देश दिया गया। वहीं विद्युत विहीन आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने हेतु संबंधित केंद्रों की सूची विद्युत विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में यह जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के क्रियान्वयन में किशनगंज जिला राज्य स्तर पर प्रथम स्थान पर है। वहीं एफआरएस रैंकिंग में जिला 29 दिसंबर 2025 को पांचवें स्थान पर था, जो 16 जनवरी 2026 को 11वें स्थान पर पहुंच गया है। इस पर जिला पदाधिकारी ने रैंकिंग सुधारने हेतु प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



