समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के ग्रामीण इलाकों में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। ताजा मामला धनरूआ थाना क्षेत्र का है, जहां बुधवार की रात कुछ अपराधियों ने हथियार के बल पर एक युवक से मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट ली। घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है और पुलिस को अपराध नियंत्रण को लेकर कठघरे में खड़ा कर दिया है। घटना के शिकार बने सनी कुमार पुनपुन के घुड़दौर गांव के निवासी हैं। बुधवार की देर रात वे अपने एक मित्र के साथ धनरूआ से घर लौट रहे थे। जब वे दरधा नदी के पास पहुंचे, तो अचानक कुछ अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों के पास हथियार थे और उन्होंने सनी और उसके साथी को डराकर उनकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिए। लुटेरे वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही धनरूआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कन्हैया सिंह ने बताया कि दरधा नदी के पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इस घटना से ठीक एक दिन पहले 1 जुलाई की देर रात पटना-डोभी फोरलेन पर दमड़ी चक के पास एक और आपराधिक वारदात हुई थी। एक लाइन होटल के बाहर कुछ युवक लूडो खेल रहे थे, तभी वहां कुछ अज्ञात अपराधी पहुंचे और उन पर गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में सुधीर प्रसाद सिंह का बेटा सुमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तुरंत पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से एक गोली का खोखा बरामद किया है और मामले की छानबीन कर रही है। अब तक अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है।



