दैनिक समाज जागरण/पटना डेस्क
पटना: बिहार में एक तरफ आसमान से आग बरस रही है। दूसरी ओर राजधानी के विभिन्न इलाकों में बार-बार बिजली जाने से लोग तबाह रहे
दोपहर तीन बजे 743 मेगावाट बिजली की खपत हुई। इसके पहले अधिकतम बिजली खपत का रिकार्ड 740 मेगावाट रहा है। शाम पांच बजे बिजली की मांग घटकर 707 मेगावाट पर आ गई।
फीडर ट्रिप करने से बढ़ी परेशानियां
भीषण गर्मी के बीच फीडरों की ट्रिपिंग से उपभोक्ता परेशान रहे। इसके चलते बिजली आती-जाती रही। कंकड़बाग में दोपहर बारह बजे से लेकर शाम साढ़े चार बजे तक बिजली की स्थिति बेहद दयनीय रही। हर दस बीस मिनट पर लाइन कट जा रही थी।
यही हाल राजीवनगर, राजाबाजार, किदवईपुरी, बहादुरपुर, रामकृष्णानगर आदी इलाकों को भी रहा। इन इलाकों में बिजली दिनभर आती-जाती रही।
1800 से अधिक फ्यूज उड़ने की शिकायतें
उमस भरी गर्मी के बीच फ्यूज उड़ने की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को फ्यूज काल सेंटरों में 1800 से अधिक शिकायतें लोगों ने दर्ज कराई है।
दो घंटे तक अंधेरे में डूबा रहा बेलीरोड का उत्तरी हिस्सा
बुधवार की रात 12.00 बजे जगदेव पथ के उत्तरी भाग में अंधेरा छा गया। यहां 11केवी का अंबेडकर फीडर ब्रेकडाउन चला गया था। इससे पाटलिपुत्र स्टेशन तक अंधेरा छाया रहा। रात दो बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल हुई। उमस भरी गर्मी के कारण बेदनगर सहित कई मोहल्ले के लोग त्रस्त रहे।
एमडी ने दिया निर्देश, मुख्यालय की टीम रात्रि में करेगी भ्रमण
साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एमडी महेंद्र कुमार ने पटना विद्युत आपूर्ति प्रतिष्ठान के सभी अभियंताओं के साथ ऑनलाइन मीटिंग की।
एमडी ने निर्देश दिया कि फ्यूज उड़ने की शिकायतें शीघ्र दूर कराएं। लापरवाही बरते जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। रात्रि में कंपनी मुख्यालय के अभियंता भ्रमण करेंगे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



