इलेक्ट्रिक कार में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, सिलेंडर धमाकों से ढहा मकान; किशनगंज में शोक की लहर
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज:
18 मार्च।इंदौर में बुधवार तड़के हुए भीषण अग्निकांड ने किशनगंज जिले को गहरे सदमे में डाल दिया। इस दर्दनाक हादसे में किशनगंज के एक ही परिवार के 6 लोगों समेत कुल 8 व्यक्तियों की मौत हो गई।
यह हादसा इंदौर के बंगाली चौराहे के पास स्थित ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में सुबह करीब 4 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर के बाहर चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक कार में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भीषणता के कारण घर में रखे गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक जोरदार धमाके हुए, जिससे मकान का एक हिस्सा ढह गया। अंदर सो रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे आग की चपेट में आ गए।
इस हादसे में टाउन थाना क्षेत्र के धर्मशाला रोड निवासी एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में विजय सेठिया (65), कॉस्मेटिक व्यवसायी, मनोज सेठिया (65), सुमन सेठिया (60), सिमरन सेठिया (30), छोटू सेठिया (22) और राशि सेठिया (12) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि परिवार के एक सदस्य का इलाज चल रहा था, जिन्हें देखने के लिए सभी इंदौर गए हुए थे और इसी दौरान यह हादसा हो गया।
घटना की खबर जैसे ही किशनगंज पहुंची, पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में गमगीन माहौल बना हुआ है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। इस भीषण हादसे ने एक बार फिर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह हादसा पूरे समाज के लिए एक गहरी चेतावनी है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



