विजय शंकर पांडेय/ समाज जागरण
सोनभद्र। जनपद की घोरावल तहसील अंतर्गत करमा विकासखंड स्थित खुटहनिया ग्राम पंचायत के ग्राम सचिवालय परिसर में तेजस्वी किसान मार्ट के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उद्यमिता एवं मूल्य संवर्धन का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र सोनभद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रश्मि सिंह ने महिलाओं को टमाटर से निर्मित घरेलू उत्पाद—चटनी, सॉस, जैम, जैली, प्यूरी, पापड़ आदि—के निर्माण, संरक्षण एवं विपणन की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान सहजन (मोरिंगा) के पोषणात्मक, औषधीय एवं आर्थिक लाभों तथा उसके दैनिक जीवन में उपयोग पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
तेजस्वी संगठन न्यास एवं तेजस्वी किसान मार्ट के संस्थापक ई. प्रकाश पाण्डेय ने मार्केट लिंकेज, प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग एवं पैकेजिंग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सीधे बाजार से जोड़कर महिलाओं की आय में वृद्धि की जाएगी।
प्रशिक्षण के उपरांत ग्राम उत्पादक समूह के गठन पर चर्चा की गई, जिसमें सर्वसम्मति से प्रियंका देवी को अध्यक्ष, सीता देवी को सचिव एवं आराधना मौर्या को कोषाध्यक्ष चुना गया।
कार्यक्रम में सीता देवी (समूह सखी), आराधना मौर्या (समूह सखी), वन्दना देवी, जोगिनी, इसरावती, नजमुन, राउती, सरिता, सरोज देवी, सुषमा कुमारी, अनिता, राधिका, विंध्यवासिनी, ओम प्रभा, रामपली, सकीना, सजीलम एवं गुलाबी की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र सोनभद्र के सौरभ कुमार यादव, राजेश कुमार, दीनानाथ एवं ग्राम पंचायत के सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को महिलाओं की आत्मनिर्भरता एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



