अध्यक्ष सहबीन पनिका के नेतृत्व मे वार्डों में चल रहे कार्यों की गुणवत्ता परखी
उपाध्यक्ष, सीएमओ, इंजीनियर व पार्षद रहे मौजूद, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के दिए निर्देश
इंट्रो- जिले के अंतिम छोर में बसे नगर पालिका बिजुरी में करोड़ों रुपये से हो रहे विकास कार्यों की हकीकत परखने पूरा पालिका अमला सड़कों पर उतरा। अध्यक्ष सहबीन पनिका के नेतृत्व में उपाध्यक्ष, सीएमओ, इंजीनियर और पार्षदों ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर सख्त निर्देश दिए!
अनूपपुर /बिजुरी-नगर पालिका परिषद बिजुरी क्षेत्र में चल रहे करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का नगर पालिका अध्यक्ष सहबीन पनिका के नेतृत्व में स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उपाध्यक्ष प्रीती शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन साहू, इंजीनियर देवल सिंह सहित पार्षद कलावती सिंह एवं लक्ष्मी शुक्ला, गुंजन साहू उपस्थित रहीं। टीम ने नगर के विभिन्न वार्डों में निर्माणाधीन सड़कों, नालियों, मुक्तिधाम, सीसी रोड, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण में अध्यक्ष ने दिया निर्देश
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष सहबीन पनिका ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य तय समय-सीमा में पूरे हो और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास पहुंचाना नगर पालिका की प्राथमिकता है और जनता को योजनाओं का सीधा लाभ मिलना चाहिए।
गुणवत्ता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान तकनीकी अमले को निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने मानकों के अनुरूप कार्य कराने और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उपाध्यक्ष प्रीती शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनहित सर्वोपरि है।
इंटेक वेल और पाइपलाइन बिछाने के काम को परखा
नगर में चल रहे विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान नगर पालिका की टीम केवई नदी पर निर्माणाधीन महत्वाकांक्षी पेयजल परियोजना के स्थल पर भी पहुँची। नगर पालिका अध्यक्ष सहबीन पनिका, उपाध्यक्ष प्रीती शर्मा और सीएमओ पवन साहू ने इंटेक वेल (In-take Well) और वहां से नगर तक बिछाई जा रही मुख्य राइजिंग मेन लाइन की प्रगति का जायजा लिया।केवई नदी प्रोजेक्ट बिजुरी के भविष्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण योजना है। हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि आगामी समय में नगरवासियों को जल संकट का सामना न करना पड़े।
नगर विकास को मिलेगी गति
नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से नगरवासियों को बेहतर सड़क, जल निकासी और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी जिससे शहर की तस्वीर बदलेगी।
यह रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सहबीन पनिका, उपाध्यक्ष प्रीती सतीश शर्मा,पार्षद कलावती सिंह, लक्ष्मी शुक्ला,गुंजन साहू, नमिता कोल, प्रकाश महरा,सीएमओ पवन साहू, इंजीनियर देवल सिंह, राजस्व निरीक्षक लखन पनिका सहित नगर पालिका का राजस्व और निर्माण विभाग सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इनका कहना है
हमारा लक्ष्य बिजुरी को एक आदर्श नगर बनाना है। वर्तमान में नगर के विभिन्न वार्डों में करोड़ों रुपये की लागत से जो विकास कार्य हो रहे हैं, वे जनता की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े हैं। मेरा स्पष्ट निर्देश है कि काम की क्वालिटी (गुणवत्ता) में कोई कमी नहीं आनी चाहिए। जनता के टैक्स के एक-एक पैसे का सदुपयोग होना चाहिए। अगर किसी भी निर्माण कार्य में लापरवाही मिली, तो संबंधित पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सहबीन पनिका
अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद
विकास कार्यों का निरीक्षण करने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कार्य योजना के अनुरूप हो रहे हैं या नहीं। हमने मौके पर जाकर पार्षदों और स्थानीय नागरिकों से भी चर्चा की है। हम चाहते हैं कि निर्माण कार्य केवल कागजों पर न दिखे, बल्कि जमीन पर उसकी मजबूती नजर आए। वार्डों का सौंदर्यीकरण और सड़कों का जाल बिछाना हमारी प्राथमिकता है और हम इसे समय सीमा में पूरा कराएंगे।
प्रीती शर्मा
उपाध्यक्ष, नगर पालिका परिषद
प्रशासनिक और तकनीकी दृष्टिकोण से सभी निर्माणाधीन कार्यों की मॉनिटरिंग की जा रही है। इंजीनियरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट तैयार करें। ठेकेदारों को सख्त हिदायत दी गई है कि गुणवत्ता मानकों का पालन करें और कार्य क्षेत्र में सुरक्षा के इंतजाम रखें। जो भी कार्य अधूरे हैं उन्हें युद्ध स्तर पर पूर्ण कराया जाएगा ताकि आम जनता को आवागमन और अन्य सुविधाओं में जल्द राहत मिल सके।
पवन साहू
मुख्य नगर पालिका अधिकारी



