वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
किशनगंज। किशनगंज पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में फर्जी दस्तावेज़ एवं अवैध आधार कार्ड बनाने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में Special Task Force (STF), खगड़िया एवं अररिया पुलिस की संयुक्त टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि किशनगंज के सीमावर्ती इलाकों में कुछ लोग फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर उनके आधार पर अवैध तरीके से आधार कार्ड बना रहे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने लगातार आसूचना संकलन के बाद कार्रवाई शुरू की।
दिनांक 02 अप्रैल 2026 को टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 112/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं आईटी एक्ट 2000 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
इसी कड़ी में कांड के वांछित अभियुक्त एवं गिरोह के सक्रिय सदस्य कुन्दन कुमार (26 वर्ष), पिता स्व. जितेन्द्र सिंह, ग्राम फुलवरिया, थाना पौड़ा, जिला खगड़िया को 04 अप्रैल 2026 को खगड़िया से गिरफ्तार किया गया। आरोपी मोबाइल दुकान की आड़ में फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर क्लोन बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट एवं विभिन्न सॉफ्टवेयर के माध्यम से अवैध रूप से आधार कार्ड बनाने का कार्य कर रहा था। वह खगड़िया जिले के विभिन्न दुकानों पर जाकर आधार कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराता था।
गिरफ्तार अभियुक्त की मोबाइल दुकान से पुलिस ने बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, लैपटॉप, कलर प्रिंटर, ऑप्टिकल फिंगर स्कैनर सहित भारी संख्या में फर्जी एवं मूल दस्तावेज़ बरामद किए हैं। बरामद सामग्री में आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, राशन कार्ड, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना से संबंधित आवेदन पत्र, उज्ज्वला योजना के केवाईसी दस्तावेज़ सहित लगभग 500 से अधिक कागजात शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार अब तक के अनुसंधान में गिरोह का नेटवर्क अंतर्राज्यीय स्तर तक फैला हुआ पाया गया है। गिरोह में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध पूर्व में पसराहा थाना (खगड़िया) में भी मामला दर्ज है।
पुलिस ने जब्त सभी सामग्रियों की विधिवत सूची तैयार कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है। किशनगंज पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के फर्जी दस्तावेज़ या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। आपात स्थिति में डायल-112 पर संपर्क किया जा सकता है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



