अभय कुमार मिश्रा, दैनिक समाज जागरण, ब्यूरो चीफ, कोल्हान झारखंड
सरायकेला खरसावां (झारखंड) 28 अक्टूबर 2026 : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 9 स्थित मीरूडीह में बुधवार को प्रस्तावित कचरा निस्तारण प्लांट को धरातल पर उतारने की दिशा में डिप्टी मेयर अंकुर सिंह के नेतृत्व में पहल की गई।
पूरे शहर में कचरा प्रबंधन की गंभीर समस्या को दूर करने के लिए डिप्टी मेयर अंकुर सिंह के नेतृत्व में नगर निगम की एक टीम मौके पर पहुंची और प्लांट का काम शुरू कराने का पुरजोर प्रयास किया। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों द्वारा किए गए कड़े विरोध के कारण काम को फिलहाल रोकना पड़ा।
डिप्टी मेयर अंकुर सिंह की इस ठोस पहल में उनके साथ स्थानीय वार्ड पार्षद दुर्गा चरण बेसरा, पार्षद अंजू सिंह, नथुनी सिंह, सुधीर चौधरी, परितोष बेज के साथ-साथ नगर निगम आयुक्त एजाज अनवर, कार्यपालक अभियंता पंकज झा एवं निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
निगम की योजना वैज्ञानिक विधि से गड्ढा खोदकर और तिरपाल बिछाकर डंपिंग व बाउंड्रीवॉल का कार्य विधिवत शुरू करने की थी ताकि शहर से कचरा उठाने वाली गाड़ियों का परिचालन सुचारू हो सके।
मौके पर ग्रामीणों के विरोध के बीच डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने अपने रुख को प्रमुखता से रखते हुए कहा, “पूरे आदित्यपुर के कचरा निस्तारण के लिए यह जमीन सरकार द्वारा क्यूब कंपनी को विधिवत आवंटित की गई है। यदि हम काम शुरू नहीं होने देंगे, तो सालों-साल समय बर्बाद होगा और शहर की कचरा समस्या कभी हल नहीं होगी। जनता को जवाब देना पड़ता है कि कचरा गाड़ियां क्यों नहीं चल रहीं।” उन्होंने विरोध को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि आधुनिक प्रोसेसिंग प्लांट से प्रदूषण रोकने का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
नगर आयुक्त एजाज अनवर ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए टीम मौके पर आई थी। ग्रामीणों से बातचीत हुई है और एक-दो दिनों के भीतर वार्ड सभा या जनसुनवाई कर आम सहमति बनाई जाएगी।
बाद में काफी विरोध होने के बाद अंत समय में मौके पर पहुंचे मेयर संजय सरदार ने ग्रामीणों से संवाद किया और कहा कि विकास कार्यों में आने वाली आपत्तियों को बातचीत और सरकारी कागजातों की जांच के माध्यम से दूर किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन ने संवाद के जरिए हल निकालने का भरोसा देकर स्थिति को शांत कराया है। पूरे आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में कचरा उठाओ और निस्तारण की बड़ी समस्या है बावजूद इसके 35 वार्ड पार्षदों में से केवल 5 वार्ड पार्षद ही आज मौके पर पहुंचे थे, जो चर्चा का विषय बना रहा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



