आदिवासी सुनील त्रिपाठी/ समाज जागरण
कोन/ सोनभद्र। विकास खंड कोन अंतर्गत जल जीवन मिशन की योजना हर घर नल योजना धरातल पर धाराशायी हो गया है। भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार कई ग्राम पंचायतों में नल कनेक्शन का कार्य पूरा नहीं सका किन्तु कागजों पर पूर्ण दिखा दिया है। मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीणों के आधार कार्ड के आधार पर कनेक्शन दिए गए, लेकिन महीनों से नलों से एक बूंद पानी नहीं आ रहा है। जिसके क्रम में कोन क्षेत्र के मिश्री के ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में नियमित पानी की आपूर्ति नहीं की जाती है। बतातें चलें कि कचनरवा, असनाबांध नरोईयादामर् , मधुरी, रोहिनवादामर, शिकारीखोली, बड़ाप, बागेसोती, सिंगा, डुबवा, कुड़वा, धौरवादामर, सेमरवादामर, गोबरदाहा, डीलवाहा, शिवाखाड़ी, धीचोरवा, पीपरखाड़, बिछमरवा, केवाल, मिश्री, खरौंधी समेत कई गांवों में हर घर नल योजना के तहत पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जिसके क्रम में वरिष्ठ समाजसेवी जोखन प्रसाद यादव की अगुवाई में ग्राम पंचायत बागेसोती के टोला सिंगा में जोरदार प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि हर घर नल योजना कोन क्षेत्र में फ्लाप साबित हो रहा है जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। जिसके क्रम में वरिष्ठ समाजसेवी जोखन प्रसाद यादव व बिहारी प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि क्षेत्र में आज भी लोग लोग नदी नाले का दूषित पानी पीने को मजबूर हैं जो कि ग्राम पंचायत कचनरवा का रोहिनवा दामर व कुड़वा में फ्लोरोसिस की मात्रा अत्यधिक है और वहीं कचनरवा के बड़ाप, बागेसोती के सिंगा, कुड़वा के धौरवादामर्, शिवाखाडी, डीलवाहा सहित कई जगहों पर आज तक लोगों को नल कनेक्शन नहीं मिल सका। उन्होंने आगे कहा कि जहाँ कनेक्शन है वहाँ भी दो महीनों से उपर पानी नहीं मिल रहा है जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। वहीं जिला पंचायत सदस्य छविन्द्र नाथ चेरो ने बताया कि क्षेत्र में अभी तक नल कनेक्शन तक पूरा नहीं हुआ और न ही लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है जिससे लोग आये दिन विकलांगता के शिकार हो रहे हैं और आये दिन लोग काल के मुंह में समा रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभाग के उपर लोगों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है और उन्होंने हर घर नल योजना को फ्लाप साबित कर दिया है । इसी तरह आगे उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में जगह जगह पानी टंकी का निर्माण हुआ था जो मात्र शो पीस बन कर रह गया और वहीं कई ग्राम पंचायतों में कई हैंडपंप मरम्मत के अभाव में खराब पड़े हुए है। वहीं दूसरी तरफ सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार कार्यदायी संस्था द्वारा कागजों पर पूर्ण दिखा दिया गया है जो कि स्वत: ही जाँच का विषय है। सबसे बड़ा सवाल है कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की सबसे महत्त्वपूर्ण योजना स्वच्छ जल मिशन के तहत हर घर नल योजना के परियोजना के अधिकारियों द्वारा जनहित को देखते हुए बड़ी तेजी से कार्य किया गया किन्तु संबंधित कार्यदायी संस्था के उदासीनता के कारण लोगों तक पानी नहीं पहुँच पा रहा है बल्कि उन्हें लॉलीपॉप दिया जा रहा है और वह केवल कागजों में सिमट कर रह गया है। जिसके क्रम में वरिष्ठ समाज सेवी बिहारी प्रसाद यादव व जोखन प्रसाद यादव सहित विश्वनाथ उराँव, ललन, हुलास उरांव, सहित स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से शुद्ध पेयजल शुरू कराने की मांग की है। इस बावत् कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर सुदर्शन बिंद को कॉल किया गया किन्तु रिसीव नहीं हुआ। जिसके क्रम में स्वच्छ जल मिशन के अधिशासी अभियंता अरुण सिंह ने बताया कि वोल्टेज की समस्या के कारण समस्या उत्पन्न हो रही है जल्द ही समस्या का समाधान होने का अश्वासन दिया है। जिसके क्रम में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता दिलीप कुमार ने बताया कि बिजली की कोई समस्या नहीं है और विभाग द्वारा नियमित ध्यान दिया जा रहा है जिसके क्रम में विभाग को अवगत करा दिया गया है।



