कालांवाली में 1 से 7 फरवरी तक चलेगा आध्यात्मिक महोत्सव, संध्या फेरियों से होगा प्रचार
समाज जागरण | कालांवाली | 3 जनवरी 2026 (सुरेश जोरासिया)।
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा आगामी 1 फरवरी से 7 फरवरी 2026 तक महाजन धर्मशाला, मंडी कालांवाली में सात दिवसीय श्रीमद देवी भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आध्यात्मिक आयोजन के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से संस्थान द्वारा नगर के विभिन्न मंदिरों से संध्या फेरियों का आयोजन किया जाएगा।

इसी क्रम में प्रथम संध्या फेरी रविवार, 4 जनवरी को खाटू श्याम मंदिर, कालांवाली से निकाली जाएगी। यह संध्या फेरी दोपहर 2 बजे मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होगी। फेरी का आयोजन श्री प्रदीप जैन (जिला अध्यक्ष, आढ़तिया एसोसिएशन सिरसा) एवं श्री श्याम संकीर्तन मंडल ट्रस्ट, मंडी कालांवाली के सहयोग से किया जाएगा।
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के प्रवक्ता एवं संस्थापक श्री आशुतोष महाराज जी के शिष्य स्वामी ज्ञानेशानंद जी ने बताया कि इन संध्या फेरियों का मुख्य उद्देश्य जनमानस को अध्यात्म से जोड़ते हुए विश्व में शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश फैलाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज तेजी से भौतिकवाद की ओर अग्रसर है, ऐसे में अध्यात्म ही जीवन को संतुलन, शांति और आनंद प्रदान कर सकता है।
स्वामी ज्ञानेशानंद जी ने स्पष्ट किया कि अध्यात्म केवल वृद्धजनों या संन्यासियों के लिए नहीं, बल्कि यह हर व्यक्ति के जीवन का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि “शांति कोई बाहरी उपलब्धि नहीं, बल्कि हमारे अंतरात्मा में छिपा हुआ खजाना है, जिसे सच्चे आध्यात्मिक गुरु के मार्गदर्शन से ही प्राप्त किया जा सकता है।”
अंत में स्वामी जी ने सभी श्रद्धालुओं से विनम्र अपील की कि वे रविवार, 4 जनवरी को आयोजित संध्या फेरी में सहभागी बनें तथा श्रीमद देवी भागवत कथा एवं आध्यात्मिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपना योगदान दें।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



