कर्मनिष्ठा फाउंडेशन ने किया भव्य स्वरोजगार मेला का आयोजन।

स्थानीय अशोका पैलेस राजेंद्र टॉकीज परिसर में कर्मनिष्ठा फाउंडेशन के द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से दिनांक 3 एवं 4 अक्टूबर को दो दिवसीय भव्य स्वरोजगार मेला संपन्न का आयोजन किया गया था। कर्मनिष्ठा फाउंडेशन स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं का एकमात्र फाउंडेशन है जिसमें अभी तक शहडोल शहर एवं कई अन्य बड़े शहरों से 35 महिलाऍं रजिस्टर्ड मेंबर के रूप में जुड़ी है इस फाउंडेशन ने 2 साल 4 महीने में ही पूरे देश में अपनी एक अलग ही पहचान बनाई है । फाउंडेशन के डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से घर बैठे ही महिलाऍं एक महीने में हज़ारों रुपए कमा रही हैं।

महिलाओं के प्रोडक्ट को जन-जन तक पहुॅंचाने के उद्देश्य से इस मेले की अभिनव योजना संस्थापक डॉ.प्रियंका त्रिपाठी द्वारा बनाई गई फाउंडेशन के द्वारा मेला लगाने का यह तीसरा वर्ष है।

संस्थापक डॉ.प्रियंका त्रिपाठी ने बताया कि यह मेला करवा चौथ एवं दीपावली के त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए लगाया गया था, जिसमें तरह-तरह के वस्त्र एवं आभूषण के साथ-साथ होममेड ब्यूटी प्रोडक्ट, मशहूर ब्रांड के ब्यूटी प्रोडक्ट, घरेलू साज-सज्जा के समान, दैनिक उपयोग की कई वस्तुऍं, खाने की विभिन्न सामग्रियों का स्टाॅल फाउंडेशन की रजिस्टर्ड सदस्यों के द्वारा लगाया गया था ।

प्रदर्शनी के प्रथम दिन का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा एवं कलेक्टर श्री केदार सिंह जी के द्वारा दीप प्रज्वलन कर एवं फीता काटकर किया गया। डॉ. प्रियंका ने सभी अतिथियों को बैच लगाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने ग्रेविटी मोशन कोचिंग सेंटर के प्रयासों की सराहना करते हुए अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि बच्चों को प्रारंभ से ही अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का संस्कार मिलना चाहिए उन्होंने सैनिक स्कूल का उल्लेख करते हुए कहा कि शहडोल से हर वर्ष प्रत्येक 10 बच्चों का चयन सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए होना चाहिए इसके लिए हमें बच्चों को तैयार करना होगा, सैनिक स्कूल न केवल शिक्षा का मंदिर है बल्कि यह समग्र व्यक्तित्व निर्माण की प्रयोगशाला है जहाॅं से निकलकर छात्र सशस्त्र बलों, सिविल सेवाओं, कॉरपोरेट जगत, उद्यमिता और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देते हैं । कलेक्टर की है दूरदर्शी सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण न केवल जिले के बच्चों के भविष्य को नई दिशा देगा बल्कि समाज में शिक्षा और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी प्रबल करेगा। वहीं अमिता चपरा ने महिलाओं के द्वारा स्वरोजगार के लिए किये जा रहे प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की और डॉ.प्रियंका को बधाई देते हुए कहा कि डॉ. प्रियंका ने आधुनिकता के इस दौर में समय की माॅंग को ध्यान में रखते हुए महिलाओं के लिए डिजिटल प्लेटफार्म में सामग्री बेचने की प्रक्रिया को सुलभ किया और समय-समय पर प्रदर्शनी आदि के माध्यम से भी उनके प्रोडक्ट को बेचने की सुलभता उपलब्ध कराई है। कलेक्टर एवं अमिता चपरा के द्वारा जी भर के शॉपिंग की गई जिससे महिलाओं का उत्साहवर्धन हुआ।

वहीं द्वितीय दिवस का शुभारंभ जयसिंहनगर क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक मनीषा सिंह जी एवं नगर परिषद बुढ़ार की अध्यक्ष शालिनी सरावगी के द्वारा किया गया। विधायक मनीषा सिंह ने सभी महिलाओं के स्टॉल में जाकर सामग्रियों का अवलोकन किया और कहा कि महिलाओं का आत्मनिर्भर होना देश के विकास के लिये बहुत आवश्यक है और कर्मनिष्ठा फाउंडेशन ने अपने सार्थक प्रयासों से इस क्षेत्र में 2 वर्ष में ही अपार सफलता हासिल कर ली है। उन्होंने डॉ .प्रियंका से कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी हर 3 महीने में लगायें जिससे महिलाओं के स्वरोजगार को और बढ़ावा मिलेगा और प्रदर्शनी कम से कम पाॅंच दिवस की हो । शालिनी सरावगी ने भी कहा कि फाउंडेशन का यह प्रयास अपने आप में एक अभिनव प्रयास है। शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं जैसे ब्राह्मण समाज, दिव्य मुस्कान क्लब, जिए सिंधु समाज, ब्यूटीशियन क्लब के सदस्यों का एवं अन्य गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों में विशेष तौर से भाजपा जिला महामंत्री अमित मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार दिनेश अग्रवाल, महिला मोर्चा के अध्यक्ष निभा गुप्ता, भाजपा नेत्री नीलम चतुर्वेदी, पुष्पा द्विवेदी, कल्याणी बाजपेई, पत्रकार आशीष अग्रवाल, राहुल मिश्रा एवं शिरीष श्रीवास्तव का फाउंडेशन के सदस्यों के द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।

इस प्रदर्शनी में कुल 21 स्टाॅल लगे थे, डॉ. झलक गॉंधी ने मेक्रम के होममेड आइटम, मनीषा चौबे ने ओरिफ्लेम के प्रोडक्ट, शालिनी शुक्ला ने ब्लाउज, ज्वेलरी सूट, साड़ी, नीतू साहा ने पर्स, ज्वेलरी, साड़ी पाउच सूट,साड़ी आदि श्वेता डालमिया और खुशी खदानी ने रजाई, कंबल, चादर टाॅवेल, अमृता मंडलोई और शेफाली शर्मा ने ज्वेलरी, किरण पाठक ने ब्राइडल लहंगे लेडीज टॉप, वैष्णवी सोनी व ज्योति मिश्रा ने सूट, साड़ी व ब्लाउज, आन्या रस्तोगी ने डेकोरेटिव दिए, अचार, खाने की सामग्री आदि, शिखा केसरवानी ने केक, पेस्ट्री खाने की सामग्री, ग्रेविटी मोशन कोचिंग क्लास ने अपने प्री नर्सरी स्कूल एवं कोचिंग क्लास का डेमो किया वहीं हातिमी अस्पताल ने प्रदर्शनी में आने वाले लोगों का फ्री मेडिकल चेकअप किया, सुगंधिता सराफ में वैलनेस हर्ब लाइफ के प्रोडक्ट, रोशनी कटारे ने सूट, साड़ी, ड्रेस मटेरियल, वंदना गुप्ता ने टैरो कार्ड एवं डॉ. प्रियंका त्रिपाठी ने अर्णव प्रकाशन की पुस्तकें स्लॉट में रखीं।

शहर भर की महिलाओं ने इन दो दिनों में जी भर कर ख़रीददारी की। इस प्रदर्शनी के सफल आयोजन में विशेष तौर पर कर्मनिष्ठा फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. प्रियंका त्रिपाठी, कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया शाकिर, उपाध्यक्ष मनीषा चौबे, सचिव शालिनी शुक्ला, सह सचिव डॉ. झलक गांधी, इवेंट एवं प्रदर्शनी प्रभारी नीतू साहा एवं नगर समन्वयक सुगंधिता सराफ का विशेष योगदान रहा ।

शहर की कई विशिष्ट महिलाऍं प्रदर्शनी में आईं और मनचाही वस्तुऍं खरीद कर ले गईं।
सभी महिलाओं ने कर्मनिष्ठा फाउंडेशन के इस अभिनव प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि इस फाउन्डेशन के द्वारा जो यह प्रदर्शनी लगाई गई है इससे हमें करवा चौथ एवं दीपावली त्यौहार की बहुत सारी सामग्रियाॅं एक ही जगह पर खरीदने को मिलीं।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)