वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज
31 मार्च। किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र में इन दिनों रसोई गैस की कमी से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोहार पट्टी, मोती बाग स्थित ताज एंटरप्राइजेज गैस गोदाम में सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लोग घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद गैस नहीं मिलने से निराश होकर लौट रहे हैं।
धरमगंज वार्ड संख्या 11 निवासी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि गैस ऑफिस द्वारा उन्हें गोदाम भेजा गया था और आश्वासन दिया गया था कि गैस उपलब्ध है। लेकिन गोदाम पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि गैस समाप्त हो चुकी है। इसी प्रकार शंकर प्रसाद शाह ने भी कहा कि OTP मिलने के बावजूद उन्हें गैस नहीं मिल सकी।
खगड़ा निवासी जैतून निशा ने बताया कि वे सुबह से ही लाइन में खड़ी थीं। तीन से चार घंटे इंतजार करने के बाद भी उन्हें गैस नहीं मिली और अंततः स्टॉक समाप्त होने की जानकारी देकर लौटा दिया गया।
वहीं खगड़ा कर्बला निवासी मोहम्मद अरमान ने कहा कि लंबे समय तक प्रतीक्षा करने के बाद अचानक गोदाम का शटर बंद कर दिया गया और गैस वितरण रोक दिया गया। उन्होंने कर्मचारियों के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई और कहा कि उपभोक्ताओं के साथ बेहतर व्यवहार की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने यह भी आशंका जताई कि गोदाम में गैस होने के बावजूद वितरण सही ढंग से नहीं किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस ऑफिस और गोदाम के बीच समुचित समन्वय का अभाव है।

एक ओर उपभोक्ताओं को OTP जारी कर गोदाम भेजा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर गैस उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी जा रही है। इससे व्यवस्था को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
इस संबंध में ताज एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर ताल्हा युसूफ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



