एएनटीएफ और किशनगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 232.72 ग्राम हेरोइन, चार मोबाइल और नकदी बरामद; गुवाहाटी से पटना ले जाई जा रही थी खेप
किशनगंज | समाज जागरण | वीरेंद्र चौहान
बिहार के किशनगंज जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। किशनगंज पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 232.72 ग्राम हेरोइन के साथ एक महिला सहित तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 47 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और 6,890 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हेरोइन की बड़ी खेप बस के जरिए असम के गुवाहाटी से पटना ले जाई जा रही है। सूचना की पुष्टि होने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के नेतृत्व में एएनटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
इसके बाद फोरिंगगोला चेकपोस्ट पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक संदिग्ध बस को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें तीन यात्रियों के पास अलग-अलग पैकेटों में कुल 232.72 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से झारखंड निवासी माया देवी (32 वर्ष) तथा वैशाली निवासी सोनू कुमार (27 वर्ष) और गौतम कुमार (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हेरोइन की खेप गुवाहाटी (असम) से पटना पहुंचाने जा रहे थे।
अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला एक अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। अब गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अवैध संपत्ति की भी होगी जांच
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति की भी जांच की जाएगी और कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।
पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
किशनगंज पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिले तो वे एएनटीएफ हेल्पलाइन 9031816150 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Kishanganj #BiharPolice #ANTF #HeroinSeized #DrugSmuggling #NDPS #CrimeNews #BiharNews #BreakingNews #SamajJagran
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



