वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
जिले के सुखानी थाना क्षेत्र के कादोगांव में आपसी विवाद को लेकर तेजाब फेंकने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में पति-पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार, 5 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे कादोगांव में दो पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने गर्म पानी में तेजाब मिलाकर दूसरे पक्ष पर फेंक दिया। इस घटना में भेलु दास (पिता–सुबोल दास) और सुशांत दास (पिता–भेलु दास), दोनों निवासी कादोगांव, तथा मनोज ठाकुर (पिता–जितन ठाकुर) और भुला सहनी (पिता–सुरेश सहनी), दोनों निवासी सुखानी, आंशिक रूप से झुलसकर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सुखानी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेजा। वहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया गया।
इस संबंध में पीड़ित पक्ष की ओर से पिंकी दास (उम्र 30 वर्ष), पति भेलु दास, निवासी कादोगांव, थाना सुखानी के लिखित आवेदन के आधार पर सुखानी थाना कांड संख्या 15/26, दिनांक 5 मार्च 2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दीपक सिंह (पिता–फुटकु सिंह) और कौनी देवी (पत्नी–दीपक सिंह), दोनों निवासी कादोगांव को नामजद किया गया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटनास्थल से तेजाब रखने वाली बोतल बरामद कर जब्त कर ली गई है। साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए घटनास्थल को संरक्षित कर वैज्ञानिक जांच हेतु एफएसएल टीम को भी सूचित किया गया है।पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



