google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

किशनगंज में विकास की खुली पोल! बस स्टैंड–ओवरब्रिज सड़क बनी ‘मौत का रास्ता’, हर दिन हादसों का खतरा

हल्की बारिश में सड़क बनी तालाब, गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे लोग

किशनगंज | वीरेंद्र चौहान | समाज जागरण ब्यूरो

किशनगंज नगर परिषद भले ही शहर में विकास के बड़े-बड़े दावे कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पूरी तरह पोल खोल रही है। बिहार बस स्टैंड से ओवरब्रिज की ओर जाने वाली मुख्य सड़क वर्षों से बदहाल पड़ी हुई है। सड़क जगह-जगह गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है और अब यह राहगीरों के लिए “जानलेवा रास्ता” बन गई है।

शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस सड़क से रोजाना हजारों लोगों का आना-जाना होता है। बावजूद इसके नगर परिषद और संबंधित विभाग सड़क मरम्मत को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। हल्की बारिश होते ही सड़क पर भारी जलजमाव हो जाता है और पूरा रास्ता तालाब जैसा दिखाई देने लगता है।

गड्ढों में फंसकर गिर रहे बाइक और ई-रिक्शा चालक

स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश के दौरान पानी भर जाने से सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन बाइक सवार, ई-रिक्शा चालक और यात्री हादसों का शिकार हो रहे हैं। कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक चुप्पी साधे हुए है।

“विकास नहीं, लोगों की जान से खिलवाड़”

राहगीरों और दुकानदारों ने नगर परिषद पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि विकास योजनाओं के नाम पर सिर्फ दावे किए जा रहे हैं, जबकि बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह बदहाल हैं। कई बार शिकायत देने के बावजूद सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है।

लोगों में भारी आक्रोश, जल्द मरम्मत की मांग

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क नहीं सुधारी गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद और प्रशासन की होगी।

Kishanganj #BiharNews #BreakingNews #RoadAccident #ViralNews #KishanganjNews #BiharBreaking #RoadSafety #WaterLogging #SamajJagran #TrendingNews #HindiNews #LatestNews #NagarParishad #BiharRoads


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)