किशनगंज, 5 जुलाई। बिहार के किशनगंज जिले में कोचाधामन थाना क्षेत्र में मवेशी व्यापारी से हुई 3.60 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और लूटी गई रकम में से 10 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश और शेष नकदी व मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 की रात करीब 10:15 बजे छत्तरगाछ निवासी मवेशी व्यापारी हुसैन अपने चालक के साथ पिकअप वाहन से सीतामढ़ी से लौट रहे थे। इसी दौरान कोचाधामन थाना क्षेत्र के शीतलनगर के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच बदमाशों ने पिकअप को ओवरटेक कर रोक लिया और व्यापारी से 3 लाख 60 हजार रुपये नकद तथा दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में कोचाधामन थाना में कांड संख्या 344/26 दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-1 के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर 4 जुलाई को कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परवेज आलम (42), मो. अजमल (40), वाहिद मजुमदार (32) और वसीम रज्जा उर्फ प्यारे (25) के रूप में हुई है। सभी आरोपी पोठिया थाना क्षेत्र के सेठाबाड़ी वार्ड संख्या-14 के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई दो पल्सर मोटरसाइकिल (BR-37S-7099 और BR-37AC-2692) के अलावा लूटी गई रकम में से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस लूटकांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी तथा शेष लूटी गई नकदी और मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किए जाने की उम्मीद है।
Kishanganj #Kochadhaman #BiharPolice #CrimeNews #BiharNews #BreakingNews #LootCase #KishanganjPolice #SamajJagran #HindiNews
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



