वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
नगर परिषद किशनगंज एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नगर परिषद क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर–2 स्थित कजलामुनी रोड पर चल रहे नाला निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी एवं जन सुराज पार्टी के जिला अध्यक्ष नेहाल अख्तर ने नगर परिषद पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि ठेकेदार जय नारायण यादव द्वारा खुलेआम वादाखिलाफी की जा रही है।शिकायतकर्ता के अनुसार नाला निर्माण के दौरान उनके गेट के सामने 12×2 फीट क्षेत्र में फिनिशिंग कार्य कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब ठेकेदार साफ तौर पर इससे मुकर गया है। इससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

सबसे गंभीर सवाल यह है कि कार्य स्थल पर न तो सूचना बोर्ड लगाया गया है और न ही नगर परिषद के किसी इंजीनियर की मौजूदगी या गुणवत्ता जांच देखने को मिल रही है। इससे साफ जाहिर होता है कि निर्माण कार्य बिना किसी निगरानी के किया जा रहा है, जो नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद की मिलीभगत के बिना ठेकेदार इतनी मनमानी नहीं कर सकता। यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो घटिया निर्माण के कारण भविष्य में बड़ा हादसा भी हो सकता है। नेहाल अख्तर ने नगर परिषद के अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी ठेकेदार के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि नगर परिषद इस मामले में कार्रवाई करती है या फिर हमेशा की तरह जनता की शिकायतों को नजरअंदाज कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल देती है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



