वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। किशनगंज प्रखंड अंतर्गत टेऊसा पंचायत स्थित चाय बागान में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने 69 पुड़िया स्मैक के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में मुख्य रूप से दीपु चौहान शामिल है, जो लंबे समय से स्मैक की तस्करी में सक्रिय बताया जा रहा है। वह पूर्व में कई बार पुलिस कार्रवाई से बच निकलने में सफल रहा था।
पुलिस के अनुसार, टेऊसा और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से चोरी और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इसी दौरान पुलिस को चाय बागान में नशे के अवैध कारोबार की गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और मौके से चारों आरोपितों को धर दबोचा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से 69 पुड़िया स्मैक बरामद की। साथ ही चार मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं। बरामद स्मैक की शुद्धता तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में उसकी कीमत का आकलन किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है। जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने विस्तृत जानकारी साझा करने से परहेज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



