आगरा। पुलिस कमिश्नरी के सिटी जोन में जहां अपराध ताबड़तोड़ बढ़ रहे हैं, तो वहीं पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई भी करती हुई दिखाई देती है। न्यू आदर्श नगर स्थित सुनील सदन अपार्टमेंट के फ्लैट में घुसकर चांदी कारोबारी की पत्नी की हत्या और लूट के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी सोनू को शुक्रवार रात मुठभेड़ में दबोचने का काम किया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है। सोनू पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने उसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया है। बताते चलें कि थाना कमला नगर क्षेत्र में चांदी कारोबारी प्रेम प्रकाश की पत्नी मंजू गुप्ता की 27 मई को घर में लूटपाट के दौरान हत्या कर दी गई थी। 28 मई को पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया। हत्या का ताना बाना पड़ोस में रहने वाले कैलाश अग्रवाल ने कटरा वजीर खां निवासी मोहन शर्मा और मथुरा के रहने वाले सोनू शर्मा के साथ बुना था। कैलाश अग्रवाल पहले सुनील सदन अपार्टमेंट में चांदी कारोबारी के सामने वाले फ्लैट में रहता था। कैलाश पहचान का फायदा उठाकर फ्लैट में घुस गया था।
लूटपाट के दौरान मंजू गुप्ता की हत्या कर दी थी। पुलिस में कैलाश अग्रवाल और मोहन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया था। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि पुलिस ने चांदी कारोबारी की पत्नी की हत्या एवं लूट के मामले के फरार आरोपी सोनू पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। शुक्रवार रात आरोपी के कमला नगर क्षेत्र में होने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। डीसीपी सिटी ने बताया कि पुलिस को देखते ही आरोपी ने पुलिस पर फायर खोल दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए सोनू पर फायर किया और एक गोली उसके पैर में लग गई। सोनू को गिरफ्तार कर उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। उन्होंने बताया कि सोनू एक्टिवा स्कूटर से आया था।
आरोपी के पास से जेवरात और लूट की रकम बरामद की गई है। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि सोनू घटना वाले दिन कैलाश अग्रवाल के साथ आया था। पुलिस ने आरोपी से एक एक्टिवा, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस 315 बोर एवं एक खोखा कारतूस 9 एमएम बरामद किया है। इसके साथ ही दो सोने की चेन एवं कुछ नकदी बरामद की है। थाना कमला नगर पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रमोद कुशवाह कि रिपोर्ट
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



