google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

मंगलमय परिवार मिलन में परिवार संस्कारों के संरक्षण का लिया गया संकल्प, 30 परिवार हुए सम्मानित

नोएडा। रविवार को सेक्टर-12 स्थित भाऊराव देवरस सरस्वती विद्या मंदिर में मंगलमय परिवार द्वारा आयोजित “मंगलमय परिवार मिलन” कार्यक्रम भव्य एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिवारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण पूज्य संत श्री विजय कौशल जी महाराज का सान्निध्य एवं आशीर्वचन रहे। अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने भारतीय संस्कृति में परिवार संस्था के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “सुदृढ़ परिवार ही सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला हैं।” उन्होंने पारिवारिक संस्कारों, सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन का आह्वान किया।

इस अवसर पर नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के लगभग 30 ऐसे परिवारों को सम्मानित किया गया, जिनके मुखिया की आयु 50 वर्ष से कम है तथा जिनकी तीन या उससे अधिक संतानें हैं। इन परिवारों का सम्मान उन वरिष्ठ दंपतियों के हाथों कराया गया, जिनकी स्वयं तीन संतानें हैं और जिनकी आयु 50 वर्ष से अधिक है। इस अनूठी पहल का उद्देश्य परिवार संस्था को मजबूत बनाने वाले दंपतियों का उत्साहवर्धन करना रहा।

कार्यक्रम का संचालन मंगलमय परिवार के अध्यक्ष महेश बाबू गुप्ता ने किया। संस्था के संरक्षक परमात्मा शरण बंसल ने कहा कि सम्मान समारोह का उद्देश्य भारतीय परिवार व्यवस्था को सशक्त बनाने वाले परिवारों को समाज के सामने प्रेरणा के रूप में प्रस्तुत करना है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी परिवारों ने भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए संस्कारित, सुदृढ़ एवं आदर्श परिवारों के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रमोद शर्मा ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से परिवार संस्था को मजबूत बनाने का अभियान जारी रहेगा।

इस अवसर पर मंगलमय परिवार के मीडिया प्रभारी मुकुल वाजपेयी ने बताया कि खंडित देवी-देवताओं की मूर्तियों के गरिमापूर्ण निस्तारण के लिए नगर के उद्योगपति ओंकारनाथ अग्रवाल द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष वाहन का लोकार्पण पूज्य विजय कौशल महाराज ने प्रवीण अग्रवाल की उपस्थिति में किया।

मंगलमय परिवार की ओर से इस प्रकल्प के प्रभारी संजय जिंदल एवं पुरुषोत्तम तापरिया ने बताया कि संस्था द्वारा अब तक लगभग 250 मंदिरों में खंडित मूर्तियों एवं पूजन सामग्री के संग्रह के लिए विशेष पात्र स्थापित किए जा चुके हैं। यह अभियान धार्मिक आस्था के सम्मान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

Noida #MangalmayParivar #VijayKaushalMaharaj #FamilyValues


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)