google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

नोएडा: 17वीं श्री जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियां तेज, 16 जुलाई को निकलेगी भव्य यात्रा

नोएडा। सेक्टर-121 स्थित श्री रत्न क्षेत्र भगवान जगन्नाथ मंदिर में आयोजित होने वाले वार्षिक श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस वर्ष 16 जुलाई को आयोजित होने वाली 17वीं श्री जगन्नाथ रथ यात्रा को सामाजिक, धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप में भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा। आयोजन में करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

श्री जगन्नाथ समिति के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में दिल्ली-एनसीआर सहित विभिन्न राज्यों से ओड़िया एवं गैर-ओड़िया श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन एवं पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

समिति के अध्यक्ष प्रमोद बहल ने बताया कि रथ यात्रा के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर परिसर का रंग-रोगन कर उसे आकर्षक एवं भव्य स्वरूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव हो सके।

उन्होंने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 29 जून को देव स्नान पूर्णिमा से होगी। इसके बाद 14 जुलाई को नेत्रोत्सव एवं नवयौवन दर्शन, 16 जुलाई को दोपहर 3:30 बजे रथ यात्रा श्री जगन्नाथ मंदिर, सेक्टर-121 से प्रारंभ होकर बाबा बालक नाथ मंदिर, सेक्टर-71 तक पहुंचेगी। वहीं 24 जुलाई को बहुदा यात्रा, 25 जुलाई को सुना वेश तथा 27 जुलाई को नीलाद्रि बीजे का आयोजन वैदिक परंपराओं एवं धार्मिक विधि-विधान के अनुसार किया जाएगा।

प्रमोद बहल ने बताया कि भगवान के 18 फीट ऊंचे एवं 6 पहियों वाले रथ का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा, शांति और अनुशासन बनाए रखने के लिए समिति के पदाधिकारियों के साथ करीब 500 स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी।

उन्होंने बताया कि ग्रेट पोस्ट न्यूज़ और आरम्भ टीवी रथ यात्रा महोत्सव का सीधा प्रसारण करेंगे। इस वर्ष समारोह के मुख्य अतिथि दीपक सिंघल होंगे, जो भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक ‘छेरा पहरा’ रस्म का निर्वहन करेंगे।

रथ यात्रा महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मंदिर प्रबंधन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा के दर्शन कर इस महापर्व का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।

समिति के अनुसार धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक यह महापर्व हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

JaiJagannath #JagannathRathYatra #Noida #NoidaNews


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)