सेठी फिजियोथैरेपी अस्पताल में मेदांता की विशेषज्ञ टीम द्वारा 170 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण

जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की*
(मन्नू शर्मा पराशर दैनिक समाज जागरण चीफ ब्यूरो पंजाब)

जैतो,1 जून (रघुनंदन पराशर): शहर के प्रतिष्ठित सेठी फिजियोथैरेपी अस्पताल, निकट सरस्वती स्कूल, हिम्मतपुरा बस्ती में मेदांता अस्पताल, गुरुग्राम (हरियाणा) के सहयोग से विशाल निःशुल्क हेल्थ चेक-अप कैंप का सफल आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में शहर तथा आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच करवाई और परामर्श प्राप्त किया।


फिजियोथैरेपिस्ट डा. सिकंदर सेठी ने बताया कि लोगों को उनके शहर में ही आधुनिक एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में मेदांता अस्पताल की विशेषज्ञ मेडिकल टीम ने मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की। टीम में हृदय रोग विशेषज्ञ डा. विजय शर्मा तथा ऑर्थोपेडिक्स एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. भाव्या बंसल ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। मेडिकल टीम के पीआरओ गगनदीप ने कैंप संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


शिविर में हृदय रोग, हड्डियों एवं जोड़ों से संबंधित समस्याओं, आर्थोपेडिक रोगों तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों की जांच की गई। इसके साथ ही बीएमडी, पीएफटी, ब्लड प्रेशर, ईसीजी, शुगर और छाती के एक्स-रे जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी मौके पर ही निःशुल्क की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह भी दी।

इस अवसर पर स्थानीय सिविल हॉस्पिटल के एसएमओ डा. वीरेंद्र कुमार भी विशेष तौर पर शामिल हुए।सेठी फिजियोथैरेपी अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर नरेश सेठी ने बताया कि मेदांता अस्पताल की अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मेडिकल टीम ने मरीजों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। मरीजों की सुविधा के लिए विशेष मेडिकल वैन भी उपलब्ध करवाई गई, जिसमें आधुनिक मशीनों की सहायता से एक्स-रे सहित विभिन्न आवश्यक जांचें मौके पर ही की गईं। वहीं जांच के उपरांत जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोगों को बड़े अस्पतालों की विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उनके अपने शहर में उपलब्ध करवाना इस कैंप का मुख्य उद्देश्य था। क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए स्वास्थ्य शिविर का भरपूर लाभ उठाया।


कैंप के दौरान सेठी फिजियोथैरेपी अस्पताल की ओर से डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ और मरीजों के लिए उत्कृष्ट प्रबंध किए गए थे। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासित एवं व्यवस्थित व्यवस्था देखने को मिली। स्वास्थ्य शिविर की सफलता पर मेदांता अस्पताल की टीम तथा स्थानीय लोगों ने सेठी फिजियोथैरेपी अस्पताल प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की।


कैंप के समापन अवसर पर सेठी फिजियोथैरेपी अस्पताल की ओर से फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. सिकंदर सेठी ने भी डॉक्टरों एवं मेडिकल स्टाफ को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।ब्रह्मकुमारी आश्रम द्वारा तथा समाजसेवी राजकुमार कटारिया की ओर से मेदांता अस्पताल से पहुंची विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं ब्रह्मकुमारी आश्रम से ललिता दीदी व रमन दीदी द्वारा तथा समाजसेवी राजकुमार कटारिया की ओर से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन के लिए मेदांता अस्पताल और सेठी फिजियोथैरेपी अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर डा. नवजोत सेठी, प्रवेज सेठी तथा सेठी फिजियोथैरेपी हस्पताल का समूह स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)