सड़क हादसे में दूध व्यवसायी की मौत, परिजनों ने लगाया जाम

समाज जागरण

राजगढ़ मीरजापुर /​राजगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिर्जापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 45 वर्षीय दूध व्यवसायी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।


​​जानकारी के अनुसार, मड़िहान थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदरुफ निवासी सतीश यादव उर्फ झगडू यादव (45) दूध का व्यवसाय करते थे। रविवार सुबह करीब सवा नौ बजे वे अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी ग्राम पंचायत डढ़िया के बसंतपुर मौजा गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सतीश यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
​​हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपी चालक व वाहन की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। जाम के कारण मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और भीषण गर्मी में मुसाफिरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।


​पुलिस की कार्रवाई
​सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि परिजनों को समझा-बुझाकर और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया गया है।
​शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश जारी है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।”

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)