अनपरा बाजार में फैले अतिक्रमण पर नगर प्रशासन सख्त, प्रतिष्ठानों पर लगाए गए लाल निशान

ऊर्जांचल संवाददाता मु० हफीज फुलील/ समाज जागरण

अनपरा/ सोनभद्र। अनपरा नगर पंचायत अंतर्गत मुख्य बाजार क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर सोमवार को नगर प्रशासन ने बाजार में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर लाल निशान लगा दिए।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई दुकानदार सड़क किनारे सामान रखकर और अस्थायी ढांचे खड़े कर अवैध रूप से सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा किए हुए थे, जिससे राहगीरों को चलने में परेशानी हो रही थी। साथ ही यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही थी और प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही थी। अतिक्रमण के कारण सफाई कार्य भी बाधित हो रहा था।
नगर प्रशासन की यह कार्रवाई अपर जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई। नगर पंचायत द्वारा पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया था, और अब उनके प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर हटाने की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाया गया, तो सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को बलपूर्वक हटाया जाएगा।
इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि इससे बाजार की व्यवस्था बेहतर होगी तथा आम लोगों को जाम और अव्यवस्था से निजात मिलेगी।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)