google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सेक्टर-105 में बनेगा स्थायी छठ घाट, पर्व के बाद फव्वारे के रूप में भी आएगा नजर

नोएडा प्राधिकरण की पहल से श्रद्धालुओं में खुशी, आरडब्ल्यूए ने महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा सहित संबंधित अधिकारियों का जताया आभार

नोएडा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नोएडा के सेक्टर-105 में श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात मिली है। सेक्टर के सामुदायिक केंद्र परिसर में स्थायी छठ घाट का निर्माण कराया जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण की इस पहल से क्षेत्र के छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है। खास बात यह है कि छठ महापर्व के बाद इस घाट को आकर्षक फव्वारे के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे सामुदायिक केंद्र की सुंदरता भी बढ़ेगी।

सेक्टर-105 में पिछले चार वर्षों से लगातार छठ महापर्व का आयोजन श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने और माताओं-बहनों की धार्मिक आस्था को देखते हुए रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) सेक्टर-105 ने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से स्थायी छठ घाट निर्माण की मांग की थी।

आरडब्ल्यूए के इस आग्रह पर संज्ञान लेते हुए नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा ने श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए सामुदायिक केंद्र परिसर में स्थायी छठ घाट के निर्माण की पहल की। वर्तमान में घाट का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इसकी बनावट को आकर्षक और आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। पर्व के बाद इसे फव्वारे के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे यह स्थान सालभर लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहेगा।

इस जनहितकारी पहल के लिए आरडब्ल्यूए सेक्टर-105 के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) और समस्त कार्यकारिणी ने नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा के प्रति आभार व्यक्त किया है।

आरडब्ल्यूए परिवार ने निर्माण कार्य को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ प्रबंधक रोहित सिंह तथा अवर अभियंता विक्रम सिंह मोगा का भी विशेष धन्यवाद किया। एसोसिएशन का कहना है कि अधिकारियों के सहयोग और सकारात्मक सोच से धार्मिक आस्था से जुड़ी वर्षों पुरानी आवश्यकता पूरी हो रही है।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि स्थायी छठ घाट का निर्माण सेक्टर के श्रद्धालुओं के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे छठ पूजा के आयोजन में सुविधा मिलेगी और आने वाले वर्षों में भी श्रद्धालु बेहतर व्यवस्था के बीच सूर्य उपासना का महापर्व मना सकेंगे।

छठ महापर्व के अवसर पर आरडब्ल्यूए सेक्टर-105 परिवार ने छठी मैया से सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)