google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

शिव शक्ति अपार्टमेंट में छठ महापर्व की धूम, खरना पर हुआ भव्य सुंदरकांड पाठ

छठ घाट का निर्माण पूरा, आकर्षक रंगाई-पुताई और रोशनी से सजा घाट; कल उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे व्रती

नोएडा। सेक्टर-71 स्थित शिव शक्ति अपार्टमेंट में छठ महापर्व की धूम देखने को मिल रही है। शिव शक्ति छठ पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित छठ पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शनिवार को खरना के पावन अवसर पर छठ घाट परिसर में भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त किया। सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

छठ महापर्व को लेकर समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। छठ घाट के निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। घाट को आकर्षक बनाने के लिए रंगाई-पुताई के साथ विशेष सजावट की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

समिति के अध्यक्ष शैलेश श्रीवास्तव एवं महासचिव कैलाश साह ने बताया कि छठ महापर्व के सभी प्रमुख अनुष्ठानों को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को खरना के साथ ही पर्व का उत्साह और बढ़ गया है। रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व के प्रमुख अनुष्ठानों का समापन होगा।

समिति के संरक्षक गौरव कुमार यादव एवं संजय शुक्ला ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति, सूर्य देव और जल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश देता है। समिति का प्रयास है कि सभी श्रद्धालु आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ इस महापर्व को हर्षोल्लासपूर्वक मनाएं।

वहीं, समिति के संरक्षक एवं संस्थापक सदस्य टी.एन. झा एवं बी.के. सिंह ने कहा कि शिव शक्ति अपार्टमेंट में छठ पूजा का आयोजन यहां के निवासियों की सामूहिक आस्था और सहयोग का परिणाम है। प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं की बढ़ती भागीदारी से सामाजिक एकता, आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना मजबूत हो रही है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि रविवार को संध्या अर्घ्य और सोमवार को प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। छठ घाट पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह है।

ये लोग रहे उपस्थित

सुंदरकांड पाठ एवं आयोजन के दौरान शैलेश कुमार श्रीवास्तव, बी.के. सिंह, कैलाश साह, गौरव कुमार यादव, एस.के. तिवारी, राकेश ठाकुर, भवानी सिंह, टी.एन. झा, मिथिलेश कुमार मिश्रा, राजेश नायक, पवन चौधरी, दिनेश सिंह, रवि कुमार, आर.के. सिंह, ए.के. श्रीवास्तव, सचिन, अजीत ठाकुर, विपुल विकास, संजय शुक्ला, सत्येंद्र सिंह एवं प्रफुल्ल पांडे सहित अनेक श्रद्धालु एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)