श्री जी गौ सदन में गौपूजन, भजन, लोकार्पण और भंडारे का होगा आयोजन, कई गणमान्य अतिथि होंगे शामिल**
**समाज जागरण, नोएडा।** श्री जी गौ सदन, सेक्टर-94 नोएडा की ओर से आगामी 17 नवंबर 2026, मंगलवार को गोपाष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गौसेवा और गोवंश संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का संदेश दिया जाएगा।

श्री जी गौ सदन आज गोवंश संरक्षण एवं सेवा का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। यहां वर्तमान में लगभग 1850 गौमाताओं एवं गोवंश का संरक्षण और पालन-पोषण किया जा रहा है। गौशाला में करीब 100 गौसेवक अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिनके रहने की व्यवस्था भी परिसर में की गई है। गोवंश की देखभाल के लिए लगभग 27 बाड़े, छह भूसा घर और एक गौ प्रयोगशाला स्थापित है। इसके अलावा गौशाला में विभिन्न गौ-उत्पाद भी उपलब्ध हैं। इतनी बड़ी संख्या में गोवंश के लिए चारा, चिकित्सा और अन्य व्यवस्थाएं समाज के सहयोग एवं गौसेवकों के समर्पण से संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री श्री 108 दीपांकर जी महाराज होंगे, जबकि गुरु मां गीतेश्वरी जी का पावन आशीर्वचन प्राप्त होगा। समारोह में सांसद गौतमबुद्ध नगर एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, नोएडा विधायक पंकज सिंह, पूर्व केंद्रीय सचिव जे.के. दादू (आईएएस) तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व डीआईजी आर.एन. मिश्रा (आईपीएस) की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीए मनोज बंसल करेंगे। सीए आर.के. अग्रवाल स्वागत अध्यक्ष तथा सीए महेश बाबू गुप्ता कार्यक्रम संयोजक होंगे।
महोत्सव का शुभारंभ सुबह आठ बजे गौपूजन एवं भजन कार्यक्रम से होगा। सुबह 10 बजे मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11:30 बजे नवनिर्मित गौ-बाल आश्रय गृह एवं हवन स्थल का लोकार्पण किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से भंडारे एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी।
श्री जी गौ सदन के अध्यक्ष सीए विकास अग्रवाल, महासचिव सुशील भारद्वाज, कोषाध्यक्ष सीए संजय कुमार गुप्ता एवं समस्त कार्यकारिणी ने बताया कि गौशाला का उद्देश्य केवल गोवंश को आश्रय देना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग, गौसेवकों के अथक परिश्रम और दानदाताओं के समर्पण से गौसेवा के इस पुनीत कार्य को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने सभी गौभक्तों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों और शहरवासियों से गोपाष्टमी महोत्सव में शामिल होकर गौसेवा के इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



