google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

थाना फेस-3 में पुलिस सम्मेलन आयोजित, बीट पुलिसिंग और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर

नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार एवं डीसीपी सेंट्रल नोएडा के पर्यवेक्षण में थाना फेस-3 में पुलिस सम्मेलन आयोजित किया गया।

सम्मेलन में एडीसीपी सेंट्रल नोएडा ने एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा के साथ थाना फेस-3 के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान बीट पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, नियमित बीट भ्रमण करने तथा क्षेत्र के नागरिकों के साथ बेहतर जनसंपर्क स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर स्थानीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

इसके अलावा लंबित विवेचनाओं का 60 एवं 90 दिनों के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। गुमशुदगी के मामलों में विशेष टीम गठित कर लापता व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने को भी प्राथमिकता देने के लिए कहा गया।

सम्मेलन में जनसुनवाई, जन शिकायतों एवं आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और प्रभावी पुलिसिंग कमिश्नरेट की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

पुलिस अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन का विश्वास जीतना और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारी है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)