31 चोरी और झपटमारी के मोबाइल फोन, 42 हजार रुपये नकद और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
समाज जागरण संवाददाता
नोएडा। थाना सेक्टर-24 पुलिस और मोबाइल फोन झपटमारी करने वाले बदमाशों के बीच शनिवार को मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कांबिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी और झपटमारी के कुल 31 मोबाइल फोन, 42 हजार रुपये नकद, एक चोरी की मोटरसाइकिल तथा अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को थाना सेक्टर-24 की टीम प्रकाश हॉस्पिटल से गंदे नाले के पुल पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार रुकने के बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर आरटीओ कट सेक्टर-33 की तरफ भागने लगे।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इसी दौरान हड़बड़ाहट में बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर पीछे बैठे एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
घायल बदमाश की पहचान नीरज पुत्र कैलाश निवासी पप्पू कॉलोनी, साहिबाबाद, गाजियाबाद, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है। उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
कांबिंग अभियान में दो अन्य साथी गिरफ्तार
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास कांबिंग अभियान चलाकर नीरज के दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान हेमंत उर्फ सनी पुत्र अशोक निवासी शहीद नगर, थाना शालीमार, गाजियाबाद, उम्र करीब 26 वर्ष तथा गोविंद सिंह उर्फ रिंकू पुत्र मनजीत निवासी शहीद नगर, थाना शालीमार, गाजियाबाद, उम्र करीब 35 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।
31 मोबाइल फोन और 42 हजार रुपये बरामद
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी और मोबाइल झपटमारी से जुड़े कुल 31 मोबाइल फोन, 42 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की जा रही चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं और संभावित साथियों के संबंध में जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



