दिव्य कृष्णात्रेय ने उद्यान विभाग की टीम को दिया श्रेय, सेक्टरवासियों से पार्क की स्वच्छता और हरियाली बनाए रखने की अपील
समाज जागरण संवाददाता
नोएडा। कंक्रीट के बढ़ते जंगलों के बीच हरियाली और सुकून का अहसास कराने वाले सेक्टर-105 स्थित सेंट्रल पार्क के कायाकल्प की सराहना हो रही है। पार्क की सुंदरता, बेहतर रखरखाव और हरियाली को लेकर आरडब्ल्यूए सेक्टर-105 के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पार्क को सुंदर और आकर्षक बनाने में उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ माली और अन्य कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान है।
दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि सुबह की पहली किरण के साथ जब अधिकांश लोग अपने घरों में होते हैं, तब उद्यान विभाग के कर्मचारी बिना किसी प्रचार और प्रशंसा की अपेक्षा के पार्कों की देखभाल में जुट जाते हैं। उनकी मेहनत का परिणाम है कि सेंट्रल पार्क की हरी घास, रंग-बिरंगे फूल और घने पेड़-पौधे लोगों को प्राकृतिक वातावरण और सुकून प्रदान कर रहे हैं। ये कर्मचारी केवल पौधे नहीं लगाते, बल्कि शहरवासियों के बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण के लिए भी योगदान देते हैं।
उन्होंने कहा कि सेक्टर-105 का सेंट्रल पार्क अब लोगों के लिए केवल घूमने-फिरने की जगह नहीं, बल्कि एक साझा पारिवारिक स्थल बन गया है। यहां सुबह बुजुर्गों को सैर करते हुए सुकून मिलता है तो शाम के समय बच्चों की चहचहाहट और खेलकूद से पार्क जीवंत हो उठता है। दिनभर की भागदौड़ और तनाव के बाद यहां का शांत वातावरण लोगों को नई ऊर्जा प्रदान करता है।
उद्यान विभाग के कर्मचारियों की मेहनत को किया नमन
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग के अधिकारियों से लेकर धूप और बारिश में मेहनत करने वाले प्रत्येक माली एवं कर्मचारी की सराहना करते हुए कहा कि प्रकृति का संरक्षण और सार्वजनिक स्थलों को हरा-भरा बनाए रखना सराहनीय कार्य है। ऐसे कर्मचारियों की मेहनत को सम्मान मिलना चाहिए, जो बिना किसी दिखावे के शहर की सुंदरता बढ़ाने में जुटे रहते हैं।
पार्क को अपना घर समझकर करें देखभाल
दिव्य कृष्णात्रेय ने सेक्टरवासियों से अपील की कि वे पार्क को केवल सरकारी संपत्ति न समझें, बल्कि इसे अपने घर के आंगन और परिवार का अभिन्न हिस्सा मानें। पार्क की स्वच्छता बनाए रखें, पौधों को नुकसान न पहुंचाएं और हरियाली को सुरक्षित रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण और नागरिकों के सामूहिक प्रयास से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकता है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



