नोएडा सेक्टर-45 सदरपुर कॉलोनी में प्राधिकरण की लापरवाही से बढ़ा खतरा
नोएडा। नोएडा सेक्टर-45 स्थित सदरपुर कॉलोनी की गली नंबर-18 में नाली की जाली पिछले कई महीनों से टूटी पड़ी है। नोएडा प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार विभाग की लापरवाही के चलते यह समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। इस टूटी जाली के कारण जहां स्थानीय लोग चोटिल हो रहे हैं, वहीं अब तक कई दोपहिया और चारपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।

स्थानीय निवासियों के अनुसार इस समस्या की शिकायत सोशल मीडिया और आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से कई बार की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक न तो जाली की मरम्मत कराई गई और न ही किसी प्रकार की अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था की गई।
बताया गया कि टूटी नाली के पास श्री जी संस्कार पब्लिक स्कूल और आदर्श पब्लिक स्कूल स्थित हैं। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के लिए यह टूटी जाली लगातार खतरा बनी हुई है। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं।
घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने पर कई वाहन चालक इस टूटी नाली में गिर चुके हैं, जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा है और कुछ चालकों को चोटें भी आई हैं। चारपहिया वाहनों को इस मार्ग से गुजरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि जल्द से जल्द नाली की जाली की मरम्मत कराई जाए और तब तक चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग लगाई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



