google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

नोएडा के सेक्टर-75 में 13 से 16 नवंबर तक होगा भव्य छठ पूजा महोत्सव, घाट निर्माण की तैयारियां तेज

सेंट्रल पार्क में बन रहा 60 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा छठ घाट, श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर पूजा सुविधाएं

समाज जागरण संवाददाता

नोएडा। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर नोएडा के सेक्टर-75 में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। श्री सूर्यदेव पूजा समिति की ओर से 13 से 16 नवंबर 2026 तक चार दिवसीय श्री छठ पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके लिए गोल्फ सिटी प्लॉट-8 और पंचशील प्रतिष्ठा सोसाइटी के बीच स्थित सेंट्रल पार्क में विशाल छठ घाट का निर्माण कराया जा रहा है।

श्री सूर्यदेव पूजा समिति नोएडा एवं अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सेंट्रल पार्क में 60 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा छठ घाट तैयार किया जा रहा है। निर्माण कार्य तेजी से जारी है और इसे दीपावली से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी महापर्व की शुरुआत

डॉ. शर्मा ने बताया कि चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ शुक्रवार, 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगा। शनिवार, 14 नवंबर को खरना एवं लोहंडा का आयोजन किया जाएगा। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद छठव्रती लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत रखेंगे।

रविवार, 15 नवंबर की शाम श्रद्धालु छठ घाट पर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती पारण करेंगे।

सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है छठ महापर्व

डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता, अनुशासन, त्याग और समर्पण का संदेश देने वाला पर्व है। इस अवसर पर श्रद्धालु भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से परिवार एवं समाज की सुख-शांति, आरोग्य और समृद्धि की कामना करते हैं।

उन्होंने बताया कि समिति का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित पूजा स्थल उपलब्ध कराने के साथ सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करना है। छठ महोत्सव नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

समिति की ओर से छठ घाट का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)