मुकेश कुमार बोले- शिकायत लेकर थाने जाने पर नहीं होती सुनवाई, दूसरे पक्ष को संरक्षण देने का लगाया आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग
अभय कुमार मिश्रा | ब्यूरो चीफ, कोल्हान | दैनिक समाज जागरण
सरायकेला-खरसावां (झारखंड), 3 नवंबर। जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में ढाई लाख रुपये के कथित लेनदेन विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। रोड नंबर-19 निवासी मुकेश कुमार ने आरआईटी पुलिस पर एकतरफा रवैया अपनाने और उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की है।
मुकेश कुमार का आरोप है कि भोला अखाड़ा जनता रो हाउस निवासी संगीता कुमारी (पति आशुतोष कुमार) ने उनसे करीब ढाई लाख रुपये उधार लिए थे, लेकिन अब रकम वापस नहीं की जा रही है। मुकेश के मुताबिक, संगीता कुमारी ने अपनी आर्थिक स्थिति खराब होने और रोजगार संबंधी जरूरतों का हवाला देकर आर्थिक मदद मांगी थी। उनकी परेशानी को देखते हुए उन्होंने उक्त राशि उधार दे दी थी।
आरोप है कि जब मुकेश कुमार ने अपनी रकम वापस मांगी तो उन्हें पैसे लौटाने से इनकार कर दिया गया। उनका यह भी दावा है कि इसके बाद संगीता कुमारी और उनके पति घर छोड़कर कहीं चले गए।
थाने में शिकायत लेकर जाने पर सुनवाई नहीं होने का आरोप
मुकेश कुमार ने आरआईटी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब भी वह अपनी शिकायत लेकर थाना प्रभारी या वरीय पुलिस अधिकारियों के पास जाते हैं, तो उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। उनके अनुसार, उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि मामला पैसों के लेनदेन का है और इसके लिए न्यायालय जाना चाहिए।
मुकेश ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के थाने पहुंचने पर पुलिस का व्यवहार अलग रहता है और उन्हें सुरक्षा देने का आश्वासन भी दिया जाता है। उन्होंने शिकायत लेकर थाने पहुंचने पर दुर्व्यवहार किए जाने तथा आवेदन स्वीकार नहीं करने का भी आरोप लगाया है।
निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग
मुकेश कुमार ने पुलिस के वरीय अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उनकी शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि थाने में ही उनकी शिकायत नहीं सुनी जाएगी तो वह न्याय के लिए कहां जाएंगे।
फिलहाल, मामले में संगीता कुमारी, उनके पति आशुतोष कुमार और आरआईटी पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



