समाज जागरण नोएडा, 08 फरवरी 2026। सेक्टर-99 स्थित सामुदायिक केंद्र में रविवार को हिंदू सम्मेलन का भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन का उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक चेतना का विस्तार, राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करना तथा हिंदू जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ हवन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत हुई। मंच संचालन श्रीमती विभा मिश्रा एवं अंतर्राष्ट्रीय कथक नृत्यांगना श्रीमती रंजना नेब द्वारा किया गया। श्रीमती रंजना के नृत्य निर्देशन में उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत “नृत्यमयी रामायण” की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

सम्मेलन के मुख्य वक्ता श्री सतेंद्र जी ने “संघ के 100 वर्ष की यात्रा” विषय पर विचारोत्तेजक उद्बोधन देते हुए संगठन की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रनिर्माण में निभाई गई भूमिका को विस्तार से प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि महंत श्री अर्जुन गिरी जी महाराज ने “हिंदुत्व की विशेषताएँ, वर्तमान चुनौतियाँ एवं समाधान” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि हिंदुत्व केवल एक विचारधारा नहीं, बल्कि मानवता, सेवा और समरसता पर आधारित जीवन पद्धति है। उन्होंने भगवान श्रीराम की भक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि माता-पिता की भक्ति सर्वोच्च धर्म है और समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. शुचि गुप्ता ने “पंच परिवर्तन” विषय पर अपने विचार रखते हुए सामाजिक सुधार, पारिवारिक मूल्यों एवं राष्ट्रहित में सकारात्मक बदलाव की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने हिंदुत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने और SIR पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
सम्मेलन के दौरान बनवासी रक्षा परिवार फाउंडेशन की समाजसेविका श्रीमती विभा मिश्रा द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ— “भारत माता गीत”, “जागो हिंदू जागो” एवं “क्योंकि हम हिंदू हैं”—ने श्रोताओं में ऊर्जा का संचार किया। सानवी दास द्वारा प्रस्तुत भरतनाट्यम नृत्य तथा श्रीमती रंजना की टीम की “नृत्यमयी रामायण” प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
हास्य एवं काव्य रस की सशक्त प्रस्तुतियाँ वरिष्ठ गीतकार के.डी. बिंदास, कवयित्री पूनम महेश्वरी एवं ओज कवि सतीश दीक्षित ने दीं, जिन्हें खूब सराहा गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री के.एस. शर्मा ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक एकता और सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं।
समापन अवसर पर हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति की ओर से श्री के.एस. शर्मा एवं घाघरा बस्ती प्रमुख श्री पार्थ सिंह चौहान ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, कलाकारों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन को सफल बनाने में कार्यवाह श्री सचिन जी, सचिव श्री भगतराम, श्री अविनाश चौहान, अशोक मिश्रा एवं श्री जितेंद्र सिंह राजपूत की सक्रिय भूमिका की विशेष सराहना की गई।
अंत में अतिथियों को सम्मानित किया गया तथा सहभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। सम्मेलन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।



