google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

बढ़ते जलस्तर के बीच खुला ओबरा डैम का गेट, नदी किनारे बढ़ी सतर्कता

समाज जागरण/ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी

सोनभद्र। लगातार हो रही बारिश और ओबरा डैम के कैचमेंट एरिया से पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए जिला प्रशासन ने बांध के जलस्तर पर निगरानी बढ़ा दी है। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए बांध की सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी के आदेश पर बीती रात 2:20 बजे ओबरा डैम के गेट नंबर-08 को तीन फीट खोलकर पानी की निकासी की गई।

ओबरा बांध का पूर्ण जलस्तर (एफआरएल) 193.24 मीटर निर्धारित है। आसपास के कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार बारिश होने के कारण बांध में पानी की आवक बढ़ रही है। ऐसे में जलस्तर को निर्धारित सीमा के भीतर बनाए रखने और बांध की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पानी की निकासी की गई है।

प्रशासन और बांध प्रबंधन की टीम जलस्तर तथा पानी की आवक पर लगातार नजर रख रही है। अधिकारियों के मुताबिक आने वाले समय में बारिश और बांध में पानी की आवक की स्थिति को देखते हुए गेट खोलने अथवा बंद रखने को लेकर आगे का निर्णय जिला प्रशासन और बांध प्रबंधन द्वारा लिया जाएगा।

रेणु नदी से होते हुए सोन नदी में पहुंचेगा पानी

ओबरा डैम से छोड़ा गया पानी रेणु नदी के रास्ते करीब 11 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद सोन नदी में प्रवाहित होता है। पानी की निकासी के चलते सोन नदी के जलस्तर में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने दोनों नदियों के किनारे बसे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वालों को सावधानी की अपील

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने चकाड़ी, गुरुच, महलपुर, गोठानी, खैरटीया, वर्दिया एवं सिन्दुरिया गांवों के नागरिकों से नदी, जलप्रवाह वाले क्षेत्रों और निचले स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी अथवा तेज जलप्रवाह वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर चले जाएं और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है। आवश्यकता पड़ने पर लोगों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त एहतियाती कदम उठाए जाएंगे।

ObraDam #Sonbhadra #SonRiver #UPNews #FloodAlert


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)