दैनिक समाज जागरण 18.11.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
पोटका झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर पोटका प्रखंड के ग्रामीण परिवारों को खुशियों की सौगात मिली। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना के तहत बुधवार को पोटका पंचायत भवन में गृह प्रवेश एवं परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पोटका के विधायक संजीव सरदार ने 10 लाभुक परिवारों को पक्के मकान का उपहार देते हुए परिग्रह पत्र, उपहार एवं सांकेतिक रूप से घर की चाबी सौंपी। अपने पक्के घर का सपना साकार होने पर लाभुकों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। इस दौरान विधायक ने एक अबुआ आवास का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन भी किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक संजीव सरदार ने लाभुकों को नए घर की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और गरीब परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अबुआ आवास योजना के माध्यम से वैसे जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया जा रहा है, जो अब तक आवास की सुविधा से वंचित थे। सरकार का संकल्प है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और हर जरूरतमंद परिवार को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिले।
दो ग्रामीण सड़कों की योजनाओं का शिलान्यास
गृह प्रवेश एवं परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम के साथ ही पोटका पंचायत क्षेत्र में भीबीजी रामजी योजना के तहत दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया गया। विधायक संजीव सरदार ने दोनों योजनाओं की आधारशिला रखकर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। पहली योजना के तहत प्राथमिक विद्यालय टांगरसाई स्थित इमली पेड़ के नीचे से नदी पुलिया तक जीएसबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। वहीं दूसरी योजना में टुइली सरदार के घर के सामने से जाहेरथान तक जीएसबी सड़क बनाई जाएगी।
इन दोनों सड़क योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विशेषकर बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने भी इन योजनाओं के शिलान्यास पर प्रसन्नता जताई।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : संजीव सरदार
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राज्य सरकार ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात दे रही है। सरकार केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए भी लगातार काम कर रही है। उन्होंने प्रखंड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी तत्परता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कई ऐसे जरूरतमंद परिवार हैं, जिन्हें सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारी नहीं मिल पाती है। ऐसे में अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दें और पात्र लाभुकों को उनका अधिकार दिलाएं। जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।
21 नवंबर तक पंचायतों में चलेगा गृह प्रवेश अभियान
प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा ने बताया कि झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राज्य सरकार के निर्देशानुसार 21 नवंबर तक पोटका प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में अबुआ आवास योजना के लाभुकों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान की शुरुआत बुधवार को पोटका पंचायत से की गई है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत अलग-अलग पंचायतों में लाभुक परिवारों को उनके नवनिर्मित आवास में गृह प्रवेश कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशासन का प्रयास है कि सभी पात्र लाभुकों को योजना का लाभ मिले और आवास निर्माण से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराया जाए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एडीएम मुकेश मछुआ, पंचायत की मुखिया पानो सरदार एवं मुखिया सावित्री हांसदा उपस्थित रहीं। इसके अलावा पंचायत समिति सदस्य छबि दास, ग्राम प्रधान अमल रंजन सरदार, बीडीओ अरुण कुमार मुंडा, झामुमो नेता सुधीर सोरेन, प्रखंड समन्वयक गुरुचरण महतो, राजेश प्रसाद, लीला सोलंकी, गौतम मल्लिक, बीपीएम मंटू कुमार मुंडा सहित पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



