नेपाल और अन्य राज्यों से भक्तगण मां खड्गेश्वरी महाकाली मंदिर पहुंचेंगे, नानु बाबा से प्राप्त करेंगे आशीर्वाद और सुख-समृद्धि की कामना
अररिया/डा. रूद्र किंकर वर्मा।
नववर्ष के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध मां खड्गेश्वरी महाकाली मंदिर में भव्य महाभोग का आयोजन किया जाएगा, जिसे लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को काली मंदिर में महाभोग अर्पित करने के साथ-साथ भक्तों के जीवन की सुख-समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की जाएगी।
मंदिर के प्रमुख साधक नानु बाबा ने जानकारी दी कि 31 दिसंबर की रात मां काली को महाभोग अर्पित किया जाएगा और फिर 1 जनवरी को भी यह परंपरा जारी रहेगी। इस दौरान भक्तगण मां खड्गेश्वरी महाकाली से आशीर्वाद प्राप्त करेंगे और उनके जीवन में सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। नानु बाबा ने यह भी बताया कि इस आयोजन में भारत के विभिन्न राज्यों और पड़ोसी देश नेपाल से भी हजारों भक्त काली मंदिर पहुंचेंगे।
मंदिर को नववर्ष के स्वागत हेतु आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। खास बात यह है कि पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से नानु बाबा नववर्ष के पहले दिन महाभोग अर्पित करते आ रहे हैं। इस अवसर पर भक्तगण सुबह से ही काली माता के दर्शन के लिए मंदिर पहुंच जाते हैं।
मंदिर के सक्रिय भक्त अरुण मिश्रा ने बताया कि नववर्ष के दिन मंदिर में विशेष भीड़ होती है। रात के 12 बजे नानु बाबा शंख बजाकर नववर्ष का स्वागत करते हैं, जिससे पूरे वातावरण में एक भक्तिमय माहौल उत्पन्न हो जाता है।
यह आयोजन न केवल एक धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि भक्तों के लिए जीवन में सुख और समृद्धि की कामना करने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। मां खड्गेश्वरी महाकाली के आशीर्वाद से भक्तगण अपने जीवन को और भी बेहतर बनाने की उम्मीद करते हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



