12 जून को होगी पहली लिस्ट जारी
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने अंडर ग्रेजुएट रेगुलर कोर्स में दाखिले के लिए संशोधित कार्यक्रम (रिवाइज्ड शेड्यूल) जारी कर दिया है। नए कार्यक्रम के तहत वे छात्र जो 12वीं की परीक्षा पास कर चुके हैं, वे 9 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया पहले से जारी है और अब इसे अंतिम तारीख तक बढ़ा दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ उठा सकें। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पहली मेरिट लिस्ट 12 जून को जारी की जाएगी। जिन छात्रों का नाम इसमें आएगा, वे 17 जून तक नामांकन कर सकते हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय 18 जून को शाम 5 बजे तक सभी दाखिलों का वैलिडेशन करेगा। पहली सूची के बाद अगर सीटें खाली रहती हैं तो 21 जून को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इस सूची के आधार पर छात्र 26 जून को नामांकन करा सकेंगे, जिसका वैलिडेशन 27 जून तक किया जाएगा। तीसरी मेरिट लिस्ट 30 जून को जारी होगी। इसके तहत छात्र 4 जुलाई से नामांकन ले सकेंगे और इसका वैलिडेशन 5 जुलाई को पूरा किया जाएगा। अगर तीसरी लिस्ट के बाद भी कुछ सीटें बचती हैं, तो विश्वविद्यालय 8 जुलाई को चौथी और अंतिम मेरिट लिस्ट जारी करेगा। इस सूची के तहत छात्रों को 12 जुलाई को नामांकन का अवसर मिलेगा और 14 जुलाई तक उसका वैलिडेशन किया जाएगा। पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नए सत्र के लिए कक्षाएं 15 जुलाई से शुरू कर दी जाएंगी। यानी नामांकन प्रक्रिया समाप्त होते ही छात्रों के लिए पढ़ाई की व्यवस्था शुरू हो जाएगी। विश्वविद्यालय में अंडर ग्रेजुएट रेगुलर कोर्स में एडमिशन के लिए सामान्य, पिछड़ा वर्ग (बीसी 1 और बीसी 2), और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के छात्रों को 600 रुपए शुल्क देना होगा। वहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्रों के लिए यह शुल्क 450 रुपए निर्धारित किया गया है। यह शुल्क छात्र ऑनलाइन मोड के माध्यम से जमा करेंगे। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि एडमिशन की प्रक्रिया रविवार और छुट्टी के दिन भी जारी रहेगी ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



