समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के फतुहा-इस्लामपुर रेल खंड पर मंगलवार की देर शाम दनियावां बाजार हॉल्ट के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बुजुर्ग रेल ट्रैक पार कर रहे थे। मृतक की पहचान नालंदा जिले के कराय परशुराय थाना क्षेत्र के गालिमपुर गांव निवासी सोहन पासवान के रूप में की गई है। वे अपने रिश्तेदारों के घर शादी में शामिल होने दनियावां आए थे। बताया जा रहा है कि सोहन पासवान दनियावां स्थित सूर्य मंदिर के पास अपनी चचेरी पोती की शादी में शरीक होने आए थे। शादी के कार्यक्रम के दौरान उन्हें सिर में दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद वे अपने पोते के साथ पास के बाजार स्थित मेडिकल स्टोर से दवा लेने निकले। दवा लेने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तब उन्हें रेल ट्रैक पार करना पड़ा। उसी दौरान हिलसा से फतुहा की ओर जा रही एक पैसेंजर ट्रेन आ गई, जो उन्हें देख नहीं सकी और सोहन पासवान उसकी चपेट में आ गए। ट्रेन से टकराते ही उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना के समय उनके साथ उनका पोता भी मौजूद था, जिसने घटनास्थल पर ही अपने दादा को पहचान लिया और परिवार को इस घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही शादी का जश्न मातम में बदल गया। शादी में मौजूद सभी लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। खुशी का माहौल एक पल में शोक में तब्दील हो गया। परिवार के सभी सदस्य गहरे सदमे में हैं और उनके घर पर शोक की लहर छा गई है। घटना की जानकारी मिलते ही दनियावां थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा बनाया और फिर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है, ताकि हादसे के कारणों की पुष्टि हो सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



