वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
किशनगंज जिला मुख्यालय के मोतीबाग चौक से मंगलवार शाम बेखौफ अपराधियों ने धान व्यवसायी विमल कुमार साह का दिनदहाड़े अपहरण कर सनसनी फैला दी। हालांकि, पश्चिम बंगाल पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महज 6 घंटे के भीतर व्यवसायी को उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। इस दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेढ़ागाछ प्रखंड के झाला पंचायत निवासी विमल कुमार साह (पिता – अंत लाल साह) 24 मार्च की शाम करीब 4:30 बजे अपने चालक पप्पू कुमार मंडल के साथ बालाजी राइस मिल से 5 लाख रुपये नकद एवं चेक लेकर किशनगंज स्थित HDFC बैंक जा रहे थे। इसी दौरान मोतीबाग चौक के पास अज्ञात अपराधियों ने उनकी गाड़ी (संख्या BR11BN5316) को रोक लिया और दोनों को जबरन अगवा कर लिया।
घटना के दौरान चालक पप्पू कुमार मंडल किसी तरह अपराधियों के चंगुल से भाग निकला और परिजनों को सूचना दी। वहीं अपराधियों ने व्यवसायी को पांजीपाड़ा स्थित एक ढाबे के कमरे में बंधक बनाकर मारपीट की तथा दबाव बनाकर कई चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए। इसके बाद वे उसे पश्चिम बंगाल की ओर ले गए।
सूचना मिलते ही पश्चिम बंगाल पुलिस सक्रिय हुई और विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी कर दी। रात करीब 10 बजे दो संदिग्ध वाहनों (DL9CAR5475 एवं BR01HN5733) को घेरकर व्यवसायी को सकुशल बरामद कर लिया गया तथा आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इधर, पीड़ित पक्ष की ओर से अररिया निवासी सुनील कुमार ने किशनगंज टाउन थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस्लामपुर थाना पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है, जबकि किशनगंज पुलिस भी समन्वय स्थापित कर मामले की जांच कर रही है।



